करण जौहर के शो को मिले दो विनर, क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने जीती 66 लाख की प्राइज मनी

करण जौहर के शो को मिले दो विनर, क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने जीती 66 लाख की प्राइज मनी

मुंबई: करण जौहर के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ को आखिरकार उसके विनर मिल गए हैं। शो के दूसरे सीजन में एक नहीं बल्कि दो कंटेस्टेंट्स ने ट्रॉफी अपने नाम की है। टीवी एक्ट्रेस क्रिस्टल डिसूजा और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर रिदा थराना ‘द ट्रेटर्स 2’ की विनर बनी हैं। दोनों ने मिलकर कुल 66 लाख रुपये की प्राइज मनी जीती है।

ग्रैंड फिनाले में दोनों ट्रेटर्स ने आखिर तक एक-दूसरे का साथ दिया और अपनी पहचान को छिपाकर रखने में कामयाब रहीं। आखिरी मौके पर जब दोनों ने खुलासा किया कि वही शो की ट्रेटर्स थीं, तो बाकी कंटेस्टेंट्स भी हैरान रह गए।

मल्लिका शेरावत के एलिमिनेशन से हुई फिनाले की शुरुआत

ग्रैंड फिनाले एपिसोड की शुरुआत मल्लिका शेरावत के एलिमिनेशन से हुई। मल्लिका शो में ‘इनोसेंट’ के तौर पर खेल रही थीं और उन्हें गेम से बाहर होने वाली आखिरी मेंबर बताया गया।

इसके बाद गेम में पांच कंटेस्टेंट्स बचे थे, जिनमें क्रिस्टल डिसूजा, रिदा थराना, शालिनी पासी, साहिल सलाथिया और दिलीप ताहिल शामिल थे। सभी कंटेस्टेंट्स ‘सर्कल ऑफ शक’ में पहुंचे, जहां वोटिंग के बाद दिलीप ताहिल को बाहर कर दिया गया।

आखिरी चार में पहुंचीं क्रिस्टल, रिदा, शालिनी और साहिल

दिलीप ताहिल के बाहर होने के बाद गेम में चार कंटेस्टेंट्स बचे- क्रिस्टल, रिदा, शालिनी और साहिल। अब मुकाबला अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका था और भरोसा व शक ही यह तय करने वाले थे कि कौन फिनाले तक पहुंचेगा।

इसके बाद साहिल सलाथिया गेम से बाहर हुए और फिर शालिनी पासी भी एलिमिनेट हो गईं। आखिर में सिर्फ क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना बचीं।

क्रिस्टल के पास था अकेले जीतने का मौका

फिनाले में एक बड़ा ट्विस्ट तब आया, जब शालिनी ने रिदा के खिलाफ वोट किया। इसके बाद क्रिस्टल के पास रिदा को गेम से बाहर करने का मौका था। अगर क्रिस्टल ऐसा करतीं तो वह अकेली ट्रेटर बन सकती थीं और पूरी प्राइज मनी अपने नाम कर सकती थीं।

लेकिन क्रिस्टल ने ऐसा नहीं किया और रिदा का साथ देने का फैसला किया। दोनों ने एक-दूसरे पर भरोसा कायम रखा और अंत तक साथ रहीं।

आखिर में खुला ट्रेटर्स का राज

जब क्रिस्टल और रिदा ने फिनाले में खुलासा किया कि वही दोनों ‘ट्रेटर्स’ थीं, तो साहिल सलाथिया और शालिनी पासी को जबरदस्त झटका लगा। दोनों ट्रेटर्स ने पूरे गेम के दौरान अपनी पहचान छिपाकर रखी और आखिरकार जीत हासिल की।

क्रिस्टल शो की शुरुआत से ही ट्रेटर्स में शामिल थीं। गेम के दौरान कई बार दूसरे कंटेस्टेंट्स को उन पर शक हुआ, लेकिन क्रिस्टल ने हर बार अपनी सूझबूझ से उनका शक दूर कर दिया। बाद में उन्होंने रिदा को भी अपनी टीम में शामिल कर लिया। रिदा ने शुरुआत में ‘इनोसेंट’ के तौर पर गेम में एंट्री की थी और बाद में ट्रेटर बन गईं।

13 अगस्त को हुआ था शो का प्रीमियर

‘द ट्रेटर्स 2’ का प्रीमियर 13 अगस्त को अमेजन प्राइम वीडियो पर हुआ था। शो को करण जौहर ने होस्ट किया। इस सीजन में श्वेता तिवारी, मुनव्वर फारूकी, रिया चक्रवर्ती, अंश चोपड़ा, प्रिश, शहनाज गिल, रणवीर बरार, करण मैजिक, पारुल गुलाटी, अभिषेक मल्हान और हरमन सांघा समेत कई चर्चित सितारे नजर आए।

कौन हैं क्रिस्टल डिसूजा?

क्रिस्टल डिसूजा टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेसेस में से एक हैं। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान टीवी शो ‘एक हजारों में मेरी बहना है’ से मिली। इसके अलावा वह ‘ब्रह्मराक्षस’ जैसे शोज में भी नजर आ चुकी हैं।

क्रिस्टल ने फिल्मों में भी काम किया है। वह फिल्म ‘चेहरे’ में नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर’ में आइटम नंबर भी किया था। उनके गाने ‘शरारत’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।

संबंधित पोस्ट