मुंबई: देशभर में 4 सितंबर को जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। आम लोगों के साथ-साथ बॉलीवुड सितारे भी भगवान कृष्ण की भक्ति में डूबे नजर आए। इस खास मौके पर एक्ट्रेस मौनी रॉय मुंबई के इस्कॉन मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मौनी की आध्यात्मिक गुरु गौर गोपाल दास से भी खास मुलाकात हुई।
मौनी ने शेयर कीं जन्माष्टमी सेलिब्रेशन की तस्वीरें
मौनी रॉय ने अपने जन्माष्टमी सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। तस्वीरों में एक्ट्रेस भगवान कृष्ण की भक्ति में लीन नजर आ रही हैं। उन्होंने गौर गोपाल दास के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर भी अपने फैंस के साथ साझा की।
पोस्ट के कैप्शन में मौनी ने गौर गोपाल दास के विचार का जिक्र करते हुए लिखा, “सबसे खुश वे लोग होते हैं जो दूसरों की मदद करते हैं।”उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के शुभ दिन प्रभु के साथ विस्तार से बातचीत करने का सौभाग्य मिला और यह अनुभव उनके लिए बेहद खास और सुकून देने वाला रहा।

‘कुछ बातचीत हमेशा याद रहती हैं…’
मौनी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि कुछ बातचीत हमेशा याद रहती हैं और गौर गोपाल दास के साथ हुई यह बातचीत भी उनके लिए बेहद खास थी। उन्होंने कहा कि इस बातचीत के बाद उन्हें और ज्यादा खुशी और संतुष्टि महसूस हुई।
एक्ट्रेस ने खुद को इस मुलाकात के लिए बेहद भाग्यशाली और आभारी बताया। उन्होंने लिखा कि यह बातचीत ऐसे दिन हुई, जो पहले से ही कृपा और शक्ति से भरपूर महसूस हो रहा था। पोस्ट के अंत में मौनी ने ‘हरे कृष्ण’ लिखा।
जन्माष्टमी पर दिखा मौनी का खूबसूरत एथनिक लुक
जन्माष्टमी के मौके पर मौनी रॉय का ट्रेडिशनल लुक भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। एक्ट्रेस ने व्हाइट कलर की साड़ी पहनी थी, जिस पर चौड़ा रेड और गोल्डन जरी बॉर्डर था। इसके साथ उन्होंने लाल रंग का स्लीवलेस ब्लाउज कैरी किया।
गोल्डन झुमके, हल्की लाल बिंदी और सटल मेकअप ने उनके लुक को और खूबसूरत बना दिया। मौनी ने अपने बालों को स्लीक बन में बांधा था और उसमें सफेद गजरा लगाया था। उनका सिंपल और ट्रेडिशनल अंदाज फैंस को काफी पसंद आया।
फैंस को दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
मौनी रॉय ने अपने पोस्ट के जरिए फैंस को भी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “राधा नाम बिना कृष्ण नाम, कृष्ण बिना राधा कहां। दो नाम, एक प्रेम। यही है वृंदावन की रीत।”
एक्ट्रेस ने सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए “जय श्री कृष्ण, राधे राधे” लिखा और इस दिन को अपने लिए बेहद आनंदमय बताया।
‘विश्वम्भरा’ में नजर आएंगी मौनी रॉय
वर्क फ्रंट की बात करें तो मौनी रॉय पिछली बार ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आई थीं। रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में उन्होंने वरुण धवन की ग्लैमरस मां का किरदार निभाया था।
अब मौनी जल्द ही सुपरस्टार चिरंजीवी की फिल्म ‘विश्वम्भरा’ में नजर आएंगी। यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा उनके पास ‘द वाइव्ज’ और ‘तीसवीं मंजिल’ जैसी फिल्में भी हैं।
