नई दिल्ली: मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल ने अपने नाम कर लिया है। दुनिया के अलग-अलग देशों से पहुंचीं 111 कंटेस्टेंट्स को पीछे छोड़ते हुए जोहेरी ने प्रतिष्ठित मिस वर्ल्ड का ताज हासिल किया। वहीं, स्पेन की एलिज़ाबेथ आर. अलाबेर्न फर्स्ट रनर-अप और मलेशिया की तानूसिया चेट्टी सेकेंड रनर-अप रहीं।
मिस वर्ल्ड 2026 का ग्रैंड फिनाले वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित किया गया, जहां मिस वर्ल्ड 2025 की विजेता थाईलैंड की सुचाता चुआंगसरी ने अपनी सक्सेसर को ताज पहनाया।
भारत की निकिता पोरवाल टॉप 20 में नहीं बना पाईं जगह
भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं निकिता पोरवाल ने मिस वर्ल्ड 2026 में शानदार सफर तय किया। हालांकि, वह टॉप 20 में जगह नहीं बना सकीं और उनका सफर टॉप 40 तक रहा।
इसके बावजूद भारत का मिस वर्ल्ड में लगातार आठ एडिशन तक प्लेस करने का सिलसिला जारी रहा। मिस इंडिया के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने निकिता की जर्नी को सेलिब्रेट करते हुए उनकी तारीफ की और कहा कि उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े मंचों में से एक पर पूरे आत्मविश्वास, शालीनता और दिल से भारत का प्रतिनिधित्व किया।
फिनाले में बेहद खूबसूरत दिखीं निकिता
मिस वर्ल्ड 2026 के फिनाले में निकिता पोरवाल अपने शानदार लुक को लेकर भी चर्चा में रहीं। उन्होंने स्कल्प्टेड कॉर्सेट वाला गाउन पहना था, जिस पर फ्लोरल एंब्रॉयडरी और हाथ से की गई बारीक सजावट नजर आई।
गाउन पर हजारों बीड्स और फूलों की डिटेलिंग की गई थी। इसके साथ शीयर एम्बेलिश्ड स्लीव्स और मरमेड सिल्हूट उनके लुक को और खास बना रहे थे। इटैलियन ट्यूल की कई लेयर्स ने गाउन को खूबसूरत फ्लो दिया।
‘आओ दाई’ पहनकर वियतनाम को दिया सम्मान
फिनाले के दौरान निकिता ने होस्ट नेशन वियतनाम की संस्कृति को भी सम्मान दिया। उन्होंने पारंपरिक वियतनामी आउटफिट ‘आओ दाई’पहनकर देश की सांस्कृतिक विरासत और खूबसूरती को ट्रिब्यूट दिया।
निकिता का यह लुक वियतनाम की परंपरा और संस्कृति के प्रति सम्मान का खूबसूरत उदाहरण रहा।
111 कंटेस्टेंट्स ने लिया हिस्सा
मिस वर्ल्ड 2026 की शुरुआत 9 अगस्त से हुई थी। इस बार दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से कुल 111 कंटेस्टेंट्स ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न चैलेंज और राउंड्स में हिस्सा लेकर फिनाले तक पहुंचने की कोशिश की।
प्रतियोगिता के कई राउंड थाईलैंड में आयोजित किए गए, जिसके बाद ग्रैंड फिनाले वियतनाम के न्हा ट्रांग में हुआ।
ये कंटेस्टेंट्स पहुंचीं टॉप 20 में
मिस वर्ल्ड 2026 के टॉप 20 में जिम्बाब्वे, जाम्बिया, सेनेगल, केन्या, साउथ अफ्रीका, पेरू, अमेरिका, अर्जेंटीना, डोमिनिकन रिपब्लिक, ब्राजील, मलेशिया, फिलीपींस, कुक आइलैंड्स, चीन, वियतनाम, फ्रांस, स्पेन, बेल्जियम, जिब्राल्टर और यूक्रेन की कंटेस्टेंट्स ने जगह बनाई।
आखिर में मिस वर्ल्ड 2025 की विजेता सुचाता चुआंगसरी ने डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल को मिस वर्ल्ड 2026 का ताज पहनाया। इसके साथ ही जोहेरी ने दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट्स में से एक का खिताब अपने नाम कर लिया।
