KBC के सेट पर नजर आने के एक दिन बाद बिग बी ने ब्लॉग में अस्पताल, सर्जरी और ICU का किया जिक्र

KBC के सेट पर नजर आने के एक दिन बाद बिग बी ने ब्लॉग में अस्पताल, सर्जरी और ICU का किया जिक्र

Spread the love

मुंबई: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने ताज़ा ब्लॉग पोस्ट के जरिए फैंस की चिंता बढ़ा दी है। 83 वर्षीय अभिनेता ने खुलासा किया कि उनकी सर्जरी हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल के आईसीयू (ICU) में रखा गया। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और वह अपने घर लौट आए हैं।

हालांकि, अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट में सर्जरी की वजह या स्वास्थ्य संबंधी कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

ब्लॉग में क्या लिखा?

अपने निजी ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने अस्पताल में बिताए अनुभव को भावुक शब्दों में साझा किया। उन्होंने लिखा:

“अस्पताल में सर्जरी और ICU में, काबिल डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखरेख में… अस्पताल से छुट्टी मिलना और घर लौटना… घर लौटने का यह समय सबसे मुश्किल दौर होता है। शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से यह एक बड़ी चुनौती होती है।”

उन्होंने आगे लिखा कि जीवन में हर व्यक्ति को कभी न कभी कठिन दौर का सामना करना पड़ता है और वही असली परीक्षा होती है।

“हिम्मत दिखाने वाले ही चैंपियन होते हैं”

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा:

“कुछ लोग इसका डटकर सामना करते हैं, कुछ हार मान लेते हैं। जो कोशिश करते हैं और हिम्मत दिखाते हैं, वे हमेशा चैंपियन बने रहते हैं। जो ऐसा नहीं करते, वे पुरानी यादों के सहारे जीते हैं। दोनों में से कोई भी रास्ता गलत नहीं है। खुश रहें, स्वस्थ रहें।”

उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

फैंस कर रहे जल्द स्वस्थ होने की दुआ

ब्लॉग पोस्ट सामने आने के बाद फैंस अभिनेता की सेहत को लेकर चिंतित हो गए हैं। सोशल मीडिया और कमेंट सेक्शन में लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा, “जल्द ठीक हो जाइए अमित जी।”
वहीं दूसरे ने लिखा, “सर, अपना ध्यान रखिए… हम आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं।”

एक दिन पहले KBC के सेट पर थे बिग बी

गौरतलब है कि सर्जरी का जिक्र करने से एक दिन पहले अमिताभ बच्चन ‘कौन बनेगा करोड़पति (KBC)’ के सेट पर नजर आए थे।

इसके अलावा, रविवार को वह अपने घर ‘जलसा’ के बाहर हर सप्ताह की तरह फैंस से मिलने भी पहुंचे थे। उस दौरान वह सामान्य और स्वस्थ दिखाई दिए थे।

फिलहाल, उनकी टीम या परिवार की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल अपडेट जारी नहीं किया गया है।

संबंधित पोस्ट