AIAPGET 2026 में बिजली गुल होने से परीक्षा प्रभावित, जयपुर सेंटर पर अभ्यर्थियों का हंगामा

AIAPGET 2026 में बिजली गुल होने से परीक्षा प्रभावित, जयपुर सेंटर पर अभ्यर्थियों का हंगामा

Spread the love

जयपुर: जयपुर में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट टेस्ट (AIAPGET) 2026 के दौरान परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर विवाद सामने आया है. ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्री सत्य साईं कॉलेज में ऑनलाइन परीक्षा के दौरान अचानक बिजली चली गई, जिसके चलते कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए और परीक्षा प्रभावित हुई. घटना के बाद नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा और नारेबाजी की.

परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद चली गई बिजली

अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने के करीब 15 से 30 मिनट बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. AIAPGET कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) होने के कारण बिजली जाते ही कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए और अभ्यर्थी परीक्षा नहीं दे सके.

छात्रों का आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पावर बैकअप या जनरेटर की व्यवस्था नहीं थी. काफी देर तक सिस्टम दोबारा शुरू होने का इंतजार किया गया, लेकिन जब परीक्षा आगे नहीं बढ़ सकी तो अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल से बाहर ग्राउंड में एकत्रित किया गया.

बचे हुए समय की नहीं हुई भरपाई

AIAPGET 2026 की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होनी थी. अभ्यर्थियों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद परीक्षा के बचे हुए समय की भरपाई नहीं की गई और उन्हें केंद्र से बाहर कर दिया गया. इसके बाद छात्रों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने परीक्षा केंद्र के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया.

बताया जा रहा है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के पीछे पावर सप्लायर में खराबी की बात सामने आई. वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान ही पावर सप्लाई से जुड़ी सर्विसिंग का काम किया जा रहा था.

ऑब्जर्वर ने दी परीक्षा रद्द होने की जानकारी

हंगामे के बीच परीक्षा केंद्र के ऑब्जर्वर की ओर से अभ्यर्थियों को परीक्षा रद्द किए जाने की जानकारी दी गई. हालांकि, छात्रों ने परीक्षा रद्द होने की सूचना लिखित में देने की मांग की.

अभ्यर्थियों की मांग है कि सभी उम्मीदवारों की परीक्षा रद्द कर AIAPGET को दोबारा आयोजित किया जाए. छात्रों ने परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए हैं.

नकल को लेकर भी उठे सवाल

कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि बिजली जाने के बाद जब सभी उम्मीदवारों को एक साथ बाहर लाया गया, तब परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है. छात्रों का दावा है कि बिजली कटने के दौरान कुछ अभ्यर्थी आपस में प्रश्नों को लेकर चर्चा करने लगे थे. इसी वजह से प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवार पूरी परीक्षा दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं.

क्या है AIAPGET?

AIAPGET यानी All India AYUSH Post Graduate Entrance Test आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी से जुड़े पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित की जाती है. इसका आयोजन NTA की ओर से किया जाता है.

यह परीक्षा साल में एक बार Computer Based Test (CBT) मोड में आयोजित होती है. परीक्षा में कुल 120 मल्टीपल चॉइस प्रश्न होते हैं और अधिकतम 480 अंक निर्धारित होते हैं. प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलते हैं, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होती है. परीक्षा की अवधि 2 घंटे होती है.

संबंधित पोस्ट