नई दिल्ली: कांग्रेस ने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के AICC महासचिव/प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। पार्टी ने गुजरात से लेकर पंजाब और छत्तीसगढ़ तक संगठनात्मक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब के प्रभारी पद से हटाकर असम का प्रभारी महासचिव बनाया गया है। वहीं, सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सचिन पायलट को पंजाब की कमान
कांग्रेस ने पंजाब के प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी अब सचिन पायलट को दी है। आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी का यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पायलट कांग्रेस के युवा और प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। उन्हें पंजाब जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी देकर पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
सुरजेवाला को गुजरात की जिम्मेदारी
कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही वह कर्नाटक के प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
गुजरात में आगामी चुनावी तैयारियों के मद्देनजर सुरजेवाला की नियुक्ति को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।
इन नेताओं को भी मिली नई जिम्मेदारी
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का प्रभारी महासचिव बनाया गया है। वहीं डॉ. सिरीवेल्ला प्रसादको महाराष्ट्र और पीवी मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं, मुकुल वासनिक AICC के महासचिव पद पर बने रहेंगे।
निवर्तमान प्रभारियों के योगदान की सराहना
कांग्रेस ने संगठन में बदलाव के साथ निवर्तमान महासचिव प्रभारियों के योगदान की भी सराहना की है। इनमें जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर शामिल हैं।
पार्टी की ओर से जारी प्रेस रिलीज पर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर हैं। सभी नई नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया गया है।
आगामी चुनावों से पहले संगठन में बदलाव
कांग्रेस के इस फेरबदल को आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। खास तौर पर पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों में संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी ने नई जिम्मेदारियां तय की हैं।
पंजाब में सचिन पायलट को जिम्मेदारी देने के साथ ही भूपेश बघेल को असम भेजा गया है, जबकि रणदीप सुरजेवाला को गुजरात की कमान सौंपी गई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस इन नियुक्तियों के जरिए राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने की तैयारी में है।
