नई दिल्ली: केंद्रीय खाद्य एवं उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बीजेपी सांसद कंगना रनौत के ‘गटर जनरेशन’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है। ABP न्यूज से खास बातचीत में चिराग पासवान ने कंगना के बयान को गलत बताते हुए कहा कि किसी संगठन या पार्टी के किसी व्यक्ति को लेकर नाराजगी हो सकती है, लेकिन उसके लिए पूरी जनरेशन को बुरा कहना सही नहीं है।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने जेन-ज़ी को ‘गटर लेवल के लोग’ बताया था। जब उनसे इस बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने माफी मांगने के बजाय कहा था, “मैंने गलत क्या बोला? ये अपने आप को कॉकरोच कहते हैं, कॉकरोच तो गटर में ही रहते हैं।”
कंगना के बयान पर क्या बोले चिराग पासवान?
कंगना रनौत के बयान पर चिराग पासवान ने साफ कहा कि वह इस तरह की भाषा का समर्थन नहीं करते। उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं यह गलत है। एक संगठन को बुरा बोलते-बोलते आप पूरी जनरेशन को ऐसा कह दें, यह सही नहीं है।”
चिराग ने कहा कि हर व्यवस्था और संगठन में अलग-अलग तरह के लोग होते हैं। उन्होंने अपनी पार्टी का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी कई बार अपने पार्टी सदस्यों की बातों और हरकतों पर नाराज होते हैं और उन्हें टोकते हैं।
‘हर नेता की बात को पूरे सिस्टम से नहीं जोड़ सकते’
चिराग पासवान ने कहा कि समय-समय पर कई नेता अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हैं और पार्टियां अपने नेताओं को उनकी गलत बातों के लिए टोकती भी हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई बड़ा संगठन चलाया जाता है तो उसमें मौजूद हर व्यक्ति की जवाबदेही लेना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा, “गाहे-बगाहे कई ऐसे लोग आएंगे जो उटपटांग बातें कहेंगे। मैं खुद कितनी सांप्रदायिकता वाली भाषाएं सुनता हूं, जिनका मैं खुद कतई पक्षधर नहीं हूं।”
चिराग ने सावन के दौरान मांस की बिक्री और दुकानों पर नेम प्लेट लगाने जैसे बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह ऐसी बातों के पक्षधर नहीं हैं, लेकिन किसी एक व्यक्ति के बयान के आधार पर पूरे सिस्टम को नकारना भी सही नहीं होगा।
‘प्रधानमंत्री मोदी पर मेरा विश्वास’
चिराग पासवान ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास रखते हैं और सरकार के प्रमुख नेता की सोच उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है। उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास रखकर आगे बढ़ा रहा हूं, वो मेरे प्रधानमंत्री हैं। वो क्या कहते हैं, वो क्या सोचते हैं, केवल वही मायने रखता है।”
चिराग ने आगे कहा कि जिस तरह वह अपनी पार्टी में गलत बातों पर नेताओं और कार्यकर्ताओं को टोकते हैं, उसी तरह बीजेपी भी अपनी पार्टी के नेताओं को उनकी गलत टिप्पणियों पर टोकती है।
