ICGKV पेपर लीक का मामला: परीक्षा रद्द, जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति गठित

ICGKV पेपर लीक का मामला: परीक्षा रद्द, जांच के लिए 4 सदस्यीय समिति गठित

Spread the love

रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में परीक्षा से पहले कथित प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। मामले के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा रद्द कर दी है और पूरे प्रकरण की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।

परीक्षा शुरू होने से पहले पहुंचा था कथित प्रश्नपत्र

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह 10 बजे से परीक्षा आयोजित होनी थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही कथित प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत सामने आई। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया।

विश्वविद्यालय से संबद्ध 33 महाविद्यालयों को जारी परिपत्र के अनुसार, एएनटी-221 (कृषि कीट विज्ञान) के तहत ‘फसलों और संग्रहित अनाज में कीट प्रबंधन-1 (रबी फसलों)’ विषय की परीक्षा गुरुवार को होनी थी। अब यह परीक्षा सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।

चार सदस्यीय समिति करेगी मामले की जांच

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कथित पेपर लीक की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। साथ ही अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के निर्देश पर BNS की धाराओं के तहत FIR दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

डीन कार्यालय को ईमेल से मिली थी शिकायत

विश्वविद्यालय के एक अधिकारी के अनुसार, परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होनी थी, लेकिन डीन कार्यालय को करीब 9 बजे कथित प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत वाला एक ईमेल प्राप्त हुआ। हालांकि, ईमेल के साथ कोई प्रश्नपत्र संलग्न नहीं था।

इसके बाद कुछ विद्यार्थियों के व्हाट्सऐप समूहों में एक प्रश्नपत्र प्रसारित हुआ और उसके लीक होने का दावा किया गया। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए अब जांच समिति पूरे प्रकरण की जांच करेगी।

संबंधित पोस्ट