नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 5 सितंबर को दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में छात्रों को संबोधित किया। करीब 13 साल बाद SRCC पहुंचे पीएम मोदी ने अपने भाषण में युवाओं और खासकर Gen Z के बीच लोकप्रिय शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कॉलेज के पूर्व छात्रों की तारीफ करते हुए ‘OG’ (Original Gangster) जैसे फ्रेंडली शब्द का इस्तेमाल किया और चर्चित फिल्म ‘धुरंधर’ का भी जिक्र किया।
‘SRCC के पूर्व छात्र OG हैं’
कॉलेज के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “SRCC के पूर्व छात्र बहुत खास रहे हैं। उन्होंने कॉलेज का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। अगर मैं आपकी भाषा में कहूं, तो यहां के पूर्व छात्र ‘OG’ हैं।”
एलुमनाई की उपलब्धियों की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने आगे कहा, “धुरंधर न हों लेकिन धूम मचाई है।”
‘दरियागंज की शुरुआत से बड़े संस्थान तक पहुंचा SRCC’
पीएम मोदी ने SRCC के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि दरियागंज में एक साधारण शुरुआत से लेकर एक बड़े शैक्षणिक संस्थान बनने तक कॉलेज ने लंबा सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान ने कई पीढ़ियों को संवारा है और आज इसके नाम के साथ काफी गर्व जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज भी दिल्ली यूनिवर्सिटी में यह कहना कि आप SRCC से हैं, अपने आप में बड़ी बात है।
2013 के भाषण को भी किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने SRCC में अपने 2013 के भाषण को भी याद किया। उस समय वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा कि उस समय SRCC में दिया गया उनका भाषण एक लहर बन गया था और करीब 13-14 साल बाद भी उसका असर दिखाई देता है।
2013 में नरेंद्र मोदी का SRCC दौरा काफी चर्चा में रहा था। यह वह दौर था जब 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर तेजी से उभर रहे थे।
2013 के भारत की स्थिति का किया जिक्र
पीएम मोदी ने 2013 के भारत की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय देश कई चुनौतियों से गुजर रहा था। उन्होंने आतंकी हमले, महंगाई और भ्रष्टाचार का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उस समय विकास दर निचले स्तर पर थी, महंगाई काफी अधिक थी और घोटालों तथा भ्रष्टाचार को लेकर भी देश में काफी चर्चा थी। प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की उस समय की छवि का जिक्र करते हुए कहा कि देश को ‘फ्रैजाइल फाइव’ में शामिल किया जा रहा था।
युवाओं से जुड़ने की कोशिशों के बीच पीएम मोदी की भाषा पर नजर
SRCC में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण में Gen Z के बीच लोकप्रिय शब्दों का इस्तेमाल राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है। हाल के दिनों में युवाओं से जुड़े मुद्दों और सोशल मीडिया की भाषा को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ी है।
भाजपा सांसदों ने भी संसद में FOMO (Fear of Missing Out) और ‘डेलुलु’ (Delulu) जैसे युवाओं के बीच लोकप्रिय शब्दों का इस्तेमाल किया है। प्रधानमंत्री मोदी भी युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम-स्टाइल वीडियो का इस्तेमाल करते रहे हैं।
SRCC में पीएम मोदी का भाषण ऐसे समय में हुआ है, जब राजनीतिक दलों की नजर युवा मतदाताओं और Gen Z की बदलती राजनीतिक एवं सामाजिक प्राथमिकताओं पर है।
