काजल राघवानी ने बताया किससे मिली थी धमकी, बोलीं- मुझे मुंबई से गायब करने की धमकी दी गई

काजल राघवानी ने बताया किससे मिली थी धमकी, बोलीं- मुझे मुंबई से गायब करने की धमकी दी गई

मुंबई: भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री काजल राघवानी एक बार फिर अपने निजी जीवन को लेकर चर्चा में हैं। जियो हॉटस्टार के शो ‘भोजपुरी बवाल’ में उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर कई खुलासे किए। इसी दौरान उन्होंने रिश्ते में मारपीट का सामना करने की बात कही थी, जिसके बाद फैंस यह जानना चाहते थे कि आखिर वह शख्स कौन था।

अब शो के हालिया एपिसोड में काजल राघवानी से जब उस व्यक्ति का नाम बताने के लिए कहा गया तो उन्होंने नाम बताने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने इसकी वजह बताते हुए दावा किया कि उन्हें धमकी दी गई है और वह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

काजल ने कहा- खेसारी लाल ने मुझे नहीं मारा

शुभांकर मिश्रा के शो में हुए राउंड टेबल सेशन के दौरान काजल से उनके पिछले बयान को लेकर सवाल किया गया। जब उनसे मारपीट करने वाले शख्स का नाम बताने को कहा गया तो उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया कि खेसारी लाल यादव ने उन्हें नहीं मारा।

इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि फिर वह व्यक्ति कौन था, तो काजल ने नाम बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी चीजों पर अगर किसी ने हमला किया है तो वह भी उसका जवाब देंगी, लेकिन उन्होंने उस व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की।

रानी चटर्जी और शुभांकर मिश्रा ने भी कहा कि उन्हें उस शख्स के बारे में जानकारी है, लेकिन यह काजल का मामला है और नाम उन्हें ही लेना चाहिए। इसके बावजूद काजल ने नाम बताने से इनकार कर दिया।

‘मुझे मुंबई से गायब करने की धमकी मिली’

काजल ने नाम न बताने की वजह बताते हुए दावा किया कि संबंधित व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी है। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्हें मुंबई से गायब करने की धमकी दी गई है।

उन्होंने कहा कि उन्हें अपने परिवार की चिंता है और वह नहीं चाहतीं कि उनकी वजह से उनके परिवार के किसी सदस्य को नुकसान पहुंचे। बातचीत के दौरान काजल ने कई बार कहा कि वह डरती हैं।

काजल ने यह भी साफ किया कि मारपीट के मामले में खेसारी लाल यादव और पवन सिंह शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी है, वह उसका नाम सार्वजनिक नहीं करेंगी।

खेसारी लाल ने भी दिया था जवाब

काजल राघवानी के मारपीट से जुड़े बयान के बाद खेसारी लाल यादव की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। उन्होंने आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि उन्होंने इतने वर्षों में अपनी पत्नी पर भी कभी हाथ नहीं उठाया, तो काजल पर हाथ उठाने की बात ही नहीं आती।

खेसारी ने यह भी कहा था कि काजल से पूछा जा सकता है कि उन्होंने कभी उन्हें छुआ तक है या नहीं।

खेसारी-काजल के रिश्ते को लेकर रह चुका है विवाद

खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय जोड़ियों में रही है। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया।

काजल कई बार दावा कर चुकी हैं कि दोनों करीब पांच साल तक रिश्ते में रहे थे और वह खेसारी के साथ पत्नी की तरह रहती थीं। उन्होंने खेसारी पर शादी का वादा करने और अपनी पत्नी से तलाक लेने की बात कहने का भी आरोप लगाया था।

काजल ने खेसारी के फोन में दूसरी लड़कियों की कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो होने का भी दावा किया था। हालांकि, खेसारी इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं।

खेसारी ने रिश्ते से किया था इनकार

खेसारी लाल यादव ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में काजल के साथ रिश्ते की बात से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि वह पहले से शादीशुदा हैं और दो बच्चों के पिता हैं, ऐसे में किसी अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध कैसे हो सकता है।

फिलहाल ‘भोजपुरी बवाल’ में काजल राघवानी के नए बयान के बाद उनके निजी जीवन को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। अभिनेत्री ने जिस व्यक्ति पर धमकी देने का दावा किया है, उसकी पहचान उन्होंने सार्वजनिक नहीं की है।

संबंधित पोस्ट