Mahesh Babu Birthday: ‘वाराणसी’ से सामने आया महेश बाबू का रुद्र लुक

Mahesh Babu Birthday: ‘वाराणसी’ से सामने आया महेश बाबू का रुद्र लुक

Spread the love

मुंबई: तेलुगु सुपरस्टार महेश बाबू की मच अवेटेड फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। महेश बाबू के 51वें जन्मदिन के मौके पर फिल्म के डायरेक्टर एस.एस. राजामौली ने सोशल मीडिया पर उनके किरदार का पहला लुक शेयर किया है। फिल्म में महेश बाबू ‘रुद्र’ की भूमिका में नजर आएंगे।

‘वाराणसी’ से सामने आया महेश बाबू का दमदार लुक

एस.एस. राजामौली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म से जुड़ी दो तस्वीरें शेयर की हैं। पहली तस्वीर में महेश बाबू अफ्रीका के खूबसूरत लोकेशन के बीच साइड प्रोफाइल में नजर आ रहे हैं।

वहीं दूसरी तस्वीर में वह घने जंगल के बीच बांस की बेड़ी पर आराम करते दिखाई दे रहे हैं। रुद्र के लुक में महेश बाबू का अंदाज काफी शांत और प्रभावशाली नजर आ रहा है।

तस्वीरें शेयर करते हुए राजामौली ने लिखा, “फियर्स सिर्फ उनका एक अंदाज नहीं है… ‘वाराणसी’ में रुद्र।”

राजामौली ने बताया रुद्र के किरदार का रहस्य

एस.एस. राजामौली ने महेश बाबू के किरदार को लेकर कहा कि रुद्र का जन्म खुद से कहीं बड़े मकसद को पूरा करने के लिए हुआ है। वह ऐसी किस्मत लेकर चल रहा है, जिसे उसने खुद नहीं चुना।

राजामौली के मुताबिक, रुद्र एक ऐसा किरदार है जो मजाकिया भी है, कमजोर भी पड़ता है और बेहद शक्तिशाली भी है। उन्होंने कहा कि महेश बाबू इन सभी भावनाओं को किरदार में लेकर आए हैं।

राजामौली ने कहा कि किसी दमदार किरदार को निभाना संभव है, लेकिन एक ही पल में ताकतवर और नाजुक दोनों भावनाओं को दिखाना बहुत कम कलाकारों के लिए संभव होता है।

अफ्रीका में हुई फिल्म की शूटिंग

राजामौली ने बताया कि शेयर की गई तस्वीरें फिल्म के अफ्रीका शेड्यूल के दौरान ली गई हैं। उन्होंने कहा कि अफ्रीका की जमीन ने टीम को वह अनुभव दिया, जो किसी सेट पर दोहराया नहीं जा सकता था।

डायरेक्टर ने किलिमंजारो के आसपास और मसाई मारा में शूटिंग के अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई सुबह ऐसे रहे, जब उन्हें लगा कि सामने दिखाई दे रहा नजारा 1.43:1 IMAX फ्रेम में भी पूरी तरह समा नहीं पाएगा।

प्रियंका चोपड़ा भी फिल्म का हिस्सा

‘वाराणसी’ का निर्देशन एस.एस. राजामौली कर रहे हैं, जबकि फिल्म का संगीत एम.एम. कीरवाणी ने तैयार किया है। फिल्म का निर्माण श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस के बैनर तले किया जा रहा है।

फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। महेश बाबू और राजामौली की जोड़ी को पहली बार बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों में काफी उत्सुकता है।

‘वाराणसी’ को दुनियाभर में 7 अप्रैल 2027 को IMAX फॉर्मेट में रिलीज किए जाने की तैयारी है।

संबंधित पोस्ट