ओटीटी की पॉपुलर सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर फिल्म के रूप में दस्तक देने जा रही है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है और शुरुआती प्री-सेल आंकड़े काफी उत्साहजनक हैं।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में हिंदी और तेलुगु भाषा के 2डी फॉर्मेट को मिलाकर फिल्म के पहले दिन के लिए अब तक 69,156 टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है।
रिलीज से पहले कितनी हुई कमाई?
एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने ब्लॉक सीटों को छोड़कर करीब 2.01 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।
वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर फिल्म की प्री-सेल कमाई बढ़कर करीब 3.37 करोड़ रुपये हो गई है। फिल्म के पास एडवांस बुकिंग के लिए अभी समय बाकी है, इसलिए रिलीज से पहले इन आंकड़ों में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
1800 रुपये तक पहुंची टिकट की कीमत
‘मिर्जापुर द मूवी’ के टिकट की कीमतें शहर और शो के हिसाब से अलग-अलग हैं। ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर टिकट की कीमत करीब 149 रुपये से लेकर 1800 रुपये से ज्यादा तक पहुंच गई है।
मुंबई और कई अन्य शहरों में रेगुलर शो के टिकट लगभग 149 से 500 रुपये के बीच उपलब्ध हैं। वहीं, प्रीमियम शो के टिकट काफी महंगे हैं।
बुक माय शो के मुताबिक, नोएडा के डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया में नाइट शो के टिकट की कीमत करीब 1800 रुपये रखी गई है। दिल्ली-एनसीआर और मुंबई के कुछ सिनेमाघरों में प्रीमियम टिकट की कीमत 1600 रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ में नजर आएंगे पुराने चेहरे
गुरमीत सिंह के निर्देशन और पुनीत कृष्णा की कहानी वाली इस फिल्म में ‘मिर्जापुर’ सीरीज के कई लोकप्रिय किरदार वापस लौट रहे हैं।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, रसिका दुग्गल, शीबा चड्ढा, श्रिया पिलगांवकर, अभिषेक बनर्जी और हर्षिता गौर जैसे कलाकार नजर आएंगे।
अली फजल एक बार फिर गुड्डु भैया के किरदार में दिखाई देंगे, जबकि पंकज त्रिपाठी कालीन भैया के रोल में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में रवि किशन और जितेंद्र कुमार की नई एंट्री भी बताई गई है।
तीन घंटे से ज्यादा लंबी होगी फिल्म
‘मिर्जापुर द मूवी’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से ‘A’ सर्टिफिकेट मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंसर बोर्ड की ओर से फिल्म में कुछ बदलाव भी किए गए हैं।
इन बदलावों में करीब 35 सेकंड के इंटीमेट सीन, अपशब्दों और कुछ डायलॉग्स में बदलाव शामिल होने की बात कही गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का सर्टिफाइड रनटाइम करीब 197 मिनट 19 सेकंड है। यानी ‘मिर्जापुर द मूवी’ की लंबाई तीन घंटे से ज्यादा होगी।
4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘मिर्जापुर द मूवी’
‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग को मिल रही शुरुआती प्रतिक्रिया को देखते हुए मेकर्स को बॉक्स ऑफिस पर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
