नई दिल्ली: ओटीटी पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करने के बाद ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी अब बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ के साथ दस्तक देने जा रही है। फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से ‘A’ सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी मिल गई है।
हालांकि, सर्टिफिकेशन से पहले फिल्म के कुछ डायलॉग और सीन्स में बदलाव किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीएफसी ने मेकर्स को कुछ हिस्सों में कट और संशोधन करने के निर्देश दिए थे।
गालियों में भी किए गए बदलाव
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में कई जगह इस्तेमाल की गई गालियों को लेकर सीबीएफसी ने बदलाव करने को कहा।
रिपोर्ट के अनुसार:
4 जगहों पर गालियों को म्यूट किया गया है।
6 जगहों पर गालियों की जगह दूसरे शब्द इस्तेमाल किए गए हैं।
‘गले से लग जा’ वाले डायलॉग में भी बदलाव किया गया है।
फिल्म के पहले हाफ में एक शब्द को बदलकर ‘कमर’ किया गया है।
इंटरवल के बाद ‘लंठ’ शब्द को बदलने के लिए कहा गया।
एक जाति से जुड़े रेफरेंस में भी बदलाव किया गया है।
इंटीमेट सीन्स की अवधि भी की गई कमरिपोर्ट के मुताबिक, सीबीएफसी ने फिल्म के दो इंटीमेट सीन्स की विजुअल और साउंड एडिटिंग करके उनकी अवधि करीब 50 फीसदी कम करने को कहा था।
बताया जा रहा है कि एक सीन फिल्म के पहले हाफ और दूसरा इंटरवल के बाद वाले हिस्से में है। बदलाव के बाद कुल मिलाकर करीब 35 सेकंड का इंटीमेट कंटेंट हटाया गया।
हिंसा और खून-खराबे वाले सीन्स पर नहीं चली कैंची
दिलचस्प बात यह है कि रिपोर्ट के मुताबिक सीबीएफसी ने फिल्म में मौजूद हिंसा या खून-खराबे वाले सीन्स पर कोई कट नहीं लगाया। निर्धारित बदलाव किए जाने के बाद फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया।सर्टिफिकेट के अनुसार, ‘मिर्जापुर द मूवी’ की लंबाई 197.19 मिनट है। यानी फिल्म करीब 3 घंटे 17 मिनट 19 सेकंड लंबी है।
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सुशांत सिंह और रवि किशन समेत कई कलाकार नजर आएंगे।
ओटीटी पर ‘मिर्जापुर’ की लोकप्रियता को देखते हुए अब फैंस की नजर बड़े पर्दे पर इसके नए अवतार पर है। ‘A’ सर्टिफिकेट और 3 घंटे से ज्यादा के रनटाइम के कारण फिल्म की रिलीज से पहले ही इसे लेकर दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
