‘कॉकरोच’ शब्द को लेकर सियासत तेज, CJP फाउंडर अभिजीत दीपके का दावा- ‘सौरव दास के लिए किया गया था इस्तेमाल’

‘कॉकरोच’ शब्द को लेकर सियासत तेज, CJP फाउंडर अभिजीत दीपके का दावा- ‘सौरव दास के लिए किया गया था इस्तेमाल’

नई दिल्ली: ‘कॉकरोच’ शब्द को लेकर जारी विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि जिस संदर्भ में ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया गया था, वह सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता और पत्रकार सौरव दास के लिए था।

अभिजीत दीपके ने क्या कहा?

इंटरव्यू के दौरान सौरव दास ने अपने पत्रकारिता करियर का जिक्र करते हुए बताया कि वह कानून से जुड़े विषयों और खास तौर पर जजों पर लिखते रहे हैं। इसी दौरान अभिजीत दीपके ने कहा, “जो कॉकरोच शब्द का इस्तेमाल किया गया था, वो सौरव के लिए ही किया गया था क्योंकि उस वक्त सबसे ज्यादा यही लिख रहा था।”

सौरव दास ने बताया क्या हुआ था

सौरव दास ने दावा किया कि उस समय कई वकीलों और रिटायर्ड जजों ने उनसे संपर्क कर कहा था कि संबंधित टिप्पणी उनके लिए की गई थी। उन्होंने बताया कि उस वक्त वह कारवां मैगजीन के लिए जस्टिस सूर्यकांत पर एक प्रोफाइल लिख रहे थे।

दास के मुताबिक, उन्होंने इससे पहले तत्कालीन सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ पर भी लिखा था और इस दौरान कुछ आरटीआई आवेदन भी दायर किए थे।

CJI सूर्यकांत की टिप्पणी को लेकर क्यों हुआ विवाद?

सौरव दास ने सीजेआई सूर्यकांत की एक टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि सुनवाई के दौरान ऐसी बात कही गई थी कि जब कुछ युवा प्रोफेशनल्स को नौकरी नहीं मिलती तो वे पत्रकार बन जाते हैं और बाद में आरटीआई एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं। इसी संदर्भ में ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल की चर्चा सामने आई थी।

इस टिप्पणी को लेकर यह दावा किया गया कि इसे देश के बेरोजगार युवाओं पर टिप्पणी के तौर पर देखा गया। हालांकि, बाद में सीजेआई सूर्यकांत ने अदालत में अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी मौखिक टिप्पणियों को मीडिया के एक हिस्से में गलत तरीके से पेश किया गया।

CJI सूर्यकांत ने दी थी सफाई

सीजेआई सूर्यकांत ने कहा था कि उन्होंने उन लोगों की आलोचना की थी, जिन्होंने नकली और फर्जी डिग्रियों के जरिए वकालत जैसे पेशों में प्रवेश किया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोग मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य प्रतिष्ठित पेशों में भी घुसपैठ कर चुके हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया था कि यह कहना बेबुनियाद है कि उन्होंने देश के युवाओं की आलोचना की थी।

‘कॉकरोच’ शब्द पर जारी है विवाद

इस पूरे मामले में अब CJP फाउंडर अभिजीत दीपके के दावे के बाद ‘कॉकरोच’ शब्द को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। वहीं, सौरव दास ने भी इस टिप्पणी को लेकर उस समय वकीलों और रिटायर्ड जजों से मिली प्रतिक्रियाओं का जिक्र किया है।

संबंधित पोस्ट