BCI चेयरमैन के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में वकीलों का प्रदर्शन, कार्यालय के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

BCI चेयरमैन के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में वकीलों का प्रदर्शन, कार्यालय के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

Spread the love

नई दिल्ली: बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में वकीलों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रदर्शन में वकीलों ने NALSAR विवाद के साथ-साथ BCI की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और देशभर के अधिवक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया।

प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी का भी समर्थन मिला है। वहीं, प्रतिष्ठित बॉम्बे बार एसोसिएशन ने भी BCI चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग की है।

BCI कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई

वकीलों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में BCI कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर BCI चेयरमैन के इस्तीफे की मांग करते नजर आए।

प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने ‘Resign BCI Chairman’, ’14 साल का कार्यकाल, वकीलों का हाल बेहाल’, ‘We’re representing everyone, who is representing us?’ और ‘तानाशाही खत्म करो’ जैसे नारे लगाए।

BCI की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल

प्रदर्शनकारी वकीलों का कहना है कि यह किसी राजनीतिक संगठन का आंदोलन नहीं है, बल्कि वकीलों की अपनी शीर्ष संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर उठाई गई आवाज है। उनका कहना है कि BCI में मौजूद कमियों को दूर किया जाना चाहिए और देशभर के अधिवक्ताओं से जुड़े जायज मुद्दों को संस्था को मजबूती से उठाना चाहिए।

वकीलों ने BCI की जवाबदेही, कार्यप्रणाली और अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संस्था को वकीलों के हितों की प्रभावी ढंग से पैरवी करनी चाहिए।

NALSAR विवाद भी बना मुद्दा

प्रदर्शन के दौरान NALSAR विवाद का मुद्दा भी उठाया गया। वकीलों ने इस मामले के साथ BCI के कामकाज को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग दोहराई।

अब दिल्ली में हुए इस प्रदर्शन और BCI चेयरमैन के इस्तीफे की मांग को लेकर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है।

संबंधित पोस्ट