सूर्या के संघर्ष पर बोलीं राधिका शरतकुमार, कहा- ‘मैंने उन्हें करीब से देखा है और मुझे उन पर गर्व है’

सूर्या के संघर्ष पर बोलीं राधिका शरतकुमार, कहा- ‘मैंने उन्हें करीब से देखा है और मुझे उन पर गर्व है’

Spread the love

मुंबई: तमिल सुपरस्टार सूर्या इन दिनों अपनी फिल्म ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म में सूर्या के साथ राधिका शरतकुमार भी अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। राधिका ने फिल्म की सक्सेस मीट के दौरान सूर्या के साथ अपने करीबी रिश्ते और उनके संघर्ष के दिनों को लेकर खुलकर बात की।

फिल्म में राधिका ने सूर्या की मां का किरदार निभाया है। उन्होंने बताया कि वह सूर्या को सिर्फ एक को-स्टार के तौर पर नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह मानती हैं।

‘मैंने सूर्या का संघर्ष करीब से देखा है’

फिल्म की सक्सेस मीट में राधिका शरतकुमार ने सूर्या की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनके संघर्ष को करीब से देख चुकी हैं। उन्होंने कहा, “मैं फैमिली मेंबर की तरह सूर्या से ज्यादा कनेक्ट करती हूं क्योंकि मैंने उनका स्ट्रगल देखा है। जिस दर्द से वो गुजरे हैं, मैंने वो देखा है।”

राधिका ने कहा कि फिल्मों में कलाकारों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन असल जिंदगी में मानसिक संघर्ष का स्तर अलग होता है। उनके मुताबिक, सूर्या ने मुश्किल दौर से मजबूती से बाहर निकलकर अपनी पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें करीब से देखा है और मैं उन पर बहुत गर्व महसूस करती हूं।”

खास बात यह रही कि इस सक्सेस मीट में खुद सूर्या मौजूद नहीं थे।

सूर्या को बताया बेहद प्राइवेट इंसान

राधिका ने सूर्या के स्वभाव के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि सूर्या बहुत ज्यादा बातचीत करने वाले व्यक्ति नहीं हैं और अपनी निजी जिंदगी को काफी प्राइवेट रखते हैं।

उन्होंने कहा, “सूर्या वो शख्स नहीं हैं जो बहुत बातें करें। वो बहुत कम बात करते हैं। वो कुछ सिलेक्टेड लोगों के साथ ही बात करते हैं। मैं उन क्लोज लोगों में से एक हूं।”

राधिका ने बताया कि वह सूर्या को कई बार सलाह भी देती हैं और उन्हें किसी चीज को अलग तरीके से करने के लिए कहती हैं।

बॉक्स ऑफिस पर ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ की मजबूत कमाई

सैकनिल्क के मुताबिक, ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 15.35 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दूसरे दिन फिल्म ने 22.25 करोड़ रुपये, तीसरे दिन 20.55 करोड़ रुपये, चौथे दिन 7.80 करोड़ रुपये और पांचवें दिन 6.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 72.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 83.60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म में नजर आ रहे हैं ये कलाकार

‘विश्वनाथ एंड सन्स’ में सूर्या और राधिका शरतकुमार के अलावा ममिता बैजू, रवीना टंडन, सुनील रेड्डी, भवानी श्री, विवा हर्ष, काली वेंकट, जॉर्ज मैरीन, श्रीजा रवि, सर्वदमन बनर्जी, मैथ्यू वर्गीस, कल्याणी नटराजन, कराटे कार्तिक और मास्टर चार्विक जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं।

फिल्म का संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने दिया है। फिल्म की सफलता के बीच राधिका का सूर्या के संघर्ष को लेकर दिया गया बयान भी चर्चा में है।

संबंधित पोस्ट