‘धुरंधर’ की सफलता ने बदली रणवीर सिंह की किस्मत, अंबानी परिवार के सपोर्ट को बताया ‘आशीर्वाद’

‘धुरंधर’ की सफलता ने बदली रणवीर सिंह की किस्मत, अंबानी परिवार के सपोर्ट को बताया ‘आशीर्वाद’

मुंबई: रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ उनके करियर के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और रणवीर सिंह के करियर को एक बार फिर नई रफ्तार दी। अब एक्टर ने फिल्म को सपोर्ट करने के लिए अंबानी परिवार और जियो स्टूडियोज का आभार जताया है।

रणवीर ने अंबानी परिवार को कहा- ‘ये किसी आशीर्वाद से कम नहीं’

रणवीर सिंह हाल ही में रिलायंस की एक डॉक्यूमेंट्री में नजर आए, जहां उन्होंने ‘धुरंधर’ को बनाने के दौरान सामने आई चुनौतियों और अंबानी परिवार के भरोसे के बारे में बात की।

एक्टर ने कहा कि ‘धुरंधर’ को बनाना आसान नहीं था। फिल्म को तैयार करने से लेकर इसे बड़े स्तर पर पेश करने तक कई चुनौतियां थीं।

रणवीर ने कहा कि उन्हें अंबानी परिवार की तरफ से लगातार प्यार और सपोर्ट मिला। उन्होंने अपने करियर के उस दौर को भी याद किया, जब उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रही थीं।

उन्होंने कहा, “मुझे खूब प्यार और सपोर्ट दिया गया, यहां तक कि उस समय भी जब मेरी फिल्में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही थीं। करियर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन उस तरह का सपोर्ट मिलना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। ये किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।”

‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में की 1307 करोड़ से ज्यादा कमाई

‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म के राइटर और डायरेक्टर आदित्य धर हैं। इसे आदित्य धर, लोकेश धर और ज्योति देशपांडे ने जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के बैनर तले प्रोड्यूस किया था।

फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और डेनिश पंडोर जैसे कलाकार नजर आए।

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,307.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

क्या है ‘धुरंधर’ की कहानी?

‘धुरंधर’ की कहानी एक भारतीय खुफिया एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है। वह पाकिस्तान के कराची में मौजूद क्रिमिनल सिंडिकेट और राजनीतिक ताकतों के बीच घुसपैठ करता है।

एजेंट का मकसद भारत को निशाना बनाने वाले आतंकी नेटवर्क को खत्म करना होता है। फिल्म में रणवीर सिंह का एक्शन और इंटेंस अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया।

फिल्म को नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।

‘धुरंधर 2’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल

‘धुरंधर’ की सफलता के बाद इसका दूसरा पार्ट ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ। फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया।

सैकनिल्क के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने दुनियाभर में 1,813.39 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म में रणवीर सिंह ने एक बार फिर अपने दमदार अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन किया।

‘धुरंधर 2’ को जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।

‘प्रलय’ में नजर आएंगे रणवीर सिंह

वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह ने अपनी अगली फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग शुरू कर दी है। यह एक सर्वाइवल ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं।

फिल्म को अनन्या बिड़ला के बिरला स्टूडियोज, ट्रू स्टोरी फिल्म्स और मां कसम फिल्म्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। रणवीर सिंह के अलावा ‘लोका’ फेम कल्याणी प्रियदर्शन भी फिल्म में अहम भूमिका निभा रही हैं।

संबंधित पोस्ट