अमेरिका: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (31 अगस्त) को दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के खार्ग आइलैंड को पूरी तरह तबाह कर दिया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक वीडियो शेयर करते हुए खार्ग द्वीप के पूरी तरह तबाह होने का दावा किया। हालांकि, शेयर किए गए वीडियो की प्रकृति एनिमेटेड नजर आ रही है।
ट्रंप ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “खार्ग द्वीप के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए हैं।”
ईरान ने भी दिया जवाबअमेरिका की ओर से ईरान के ठिकानों पर हमले के दावों के बीच ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही है।
वहीं, जॉर्डन की सेना के मुताबिक सोमवार को उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल हुईं आठ मिसाइलों को रोक दिया गया।
ईरान की ओर से यह कार्रवाई अमेरिकी हमलों के जवाब में किए जाने का दावा किया गया है।
अमेरिका ने लारक द्वीप पर हमले की भी कही बात
अमेरिकी सेना ने रविवार को ईरान के लारक द्वीप पर मौजूद दो लॉन्चरों को निशाना बनाने का दावा किया था। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रवक्ता टिम हॉकिन्स ने कहा कि IRGC के जवानों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री बारूदी सुरंगों के साथ रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी करते हुए देखा गया था।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में अमेरिकी सेना की करीबी नजर बनी हुई है। अमेरिका का कहना है कि वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार है।
फिर बढ़ा अमेरिका-ईरान के बीच तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय तक चले सैन्य तनाव के बाद हालात कुछ समय के लिए शांत हुए थे। हालांकि, अब दोनों देशों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।
ट्रंप के खार्ग आइलैंड को तबाह करने के दावे और ईरान की ओर से जवाबी हमलों की खबरों के बीच क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका है। हालांकि, ट्रंप की ओर से शेयर किए गए वीडियो और खार्ग आइलैंड पर हुए नुकसान के दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं है।
