‘अंदाज अपना अपना’ के बाद फिर साथ आएंगे सलमान खान और राजकुमार संतोषी

‘अंदाज अपना अपना’ के बाद फिर साथ आएंगे सलमान खान और राजकुमार संतोषी

मुंबई: ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘अंदाज अपना अपना’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक राजकुमार संतोषी इन दिनों अपनी हालिया फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर चर्चा में हैं। सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर यह पीरियड फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। अब संतोषी ने अपने अगले प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।

राजकुमार संतोषी ने खुलासा किया है कि वह बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के साथ एक कॉमेडी फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट को लेकर सलमान खान के साथ लगातार बातचीत चल रही है।

32 साल बाद फिर साथ आएंगे सलमान-संतोषी

राजकुमार संतोषी और सलमान खान की जोड़ी इससे पहले साल 1994 में रिलीज हुई कल्ट कॉमेडी फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ में नजर आई थी। फिल्म में सलमान ने प्रेम का यादगार किरदार निभाया था।

अब करीब 32 साल बाद दोनों एक बार फिर साथ काम करने की तैयारी में हैं। हालांकि, फिल्म के नाम और रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

अक्षय कुमार और अजय देवगन से भी बातचीत

राजकुमार संतोषी ने बताया कि सलमान खान के अलावा वह अक्षय कुमार और अजय देवगन के साथ भी प्रोजेक्ट्स को लेकर बातचीत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “बिल्कुल, बातचीत चल रही है। सलमान खान के साथ एक कॉमेडी फिल्म बना रहे हैं। अक्षय कुमार से भी बातचीत चल रही है और अजय देवगन के साथ भी प्लानिंग है। हो सकता है कि बहुत जल्दी इसकी अनाउंसमेंट हो जाए।”

संतोषी ने बताया कि उन्होंने अजय देवगन के साथ चार-पांच फिल्मों में काम किया है और उनके साथ काम करने का अनुभव हमेशा अच्छा रहा है।

‘इन सभी के साथ काम करने में सुकून मिलता है’

राजकुमार संतोषी ने सलमान खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन और सनी देओल जैसे कलाकारों के साथ अपने काम के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री और दर्शक इन कलाकारों को अभिनेता के तौर पर जानते हैं, लेकिन उन्होंने इनके साथ करीब से काम किया है।

संतोषी के मुताबिक, “चाहे सनी हों, आमिर खान हों, सलमान खान हों या अक्षय कुमार, सभी के साथ काम करने में सुकून भी मिलता है और मजा भी आता है।”

‘अंदाज अपना अपना’ आज भी है दर्शकों की पसंद

‘अंदाज अपना अपना’ 4 नवंबर 1994 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आमिर खान, सलमान खान, रवीना टंडन, करिश्मा कपूर, परेश रावल, शक्ति कपूर और टीकू तल्सानिया जैसे कलाकार नजर आए थे।

फिल्म की कॉमेडी और किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म के राइटर और डायरेक्टर राजकुमार संतोषी थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘अंदाज अपना अपना’ ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 7.59 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

संबंधित पोस्ट