नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार 4 सितंबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताते हुए शुक्रवार और शनिवार (5 सितंबर) के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
जन्माष्टमी पर बारिश का अनुमान
IMD के मुताबिक, जन्माष्टमी के दिन दिल्ली में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शुक्रवार सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है।
वहीं, कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली के साथ मध्यम बारिश भी हो सकती है। रात के समय भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
34.9 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं, अधिकतम तापमान करीब 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। इनमें सबसे अधिक बारिश अयानगर में 3.9 मिमी, पालम में 3.1 मिमी और लोधी रोड में 0.8 मिमी दर्ज की गई।
हालांकि, रिज और दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में इस अवधि के दौरान बारिश दर्ज नहीं हुई।
दिल्ली में 65 से 90 फीसदी रही नमी
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी में न्यूनतम आर्द्रता 65 प्रतिशत और अधिकतम आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान दिल्ली के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, जबकि अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
दिन के दौरान दिल्ली में दक्षिण-पूर्वी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने का अनुमान है। इससे मौसम में नमी बनी रहने और कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी रह सकती है।
IMD की ओर से जारी येलो अलर्ट के बीच लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
