मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। फिल्मों के साथ-साथ अब वह छोटे पर्दे पर भी नजर आने वाले हैं। इसी बीच अजय देवगन की एक नई फिल्म को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता जल्द ही एक हॉरर ड्रामा फिल्म में विलेन या ग्रे शेड वाले किरदार में दिखाई दे सकते हैं।
रोहित जुगराज करेंगे फिल्म का निर्देशन
तेलुगु123 की रिपोर्ट के मुताबिक, अजय देवगन की इस अपकमिंग हॉरर ड्रामा फिल्म का निर्देशन रोहित जुगराज करेंगे। फिल्म में अजय का किरदार पूरी तरह से नकारात्मक नहीं होगा, बल्कि उसमें अच्छाई और बुराई दोनों के शेड देखने को मिलेंगे।
बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी गरुड़ पुराण से प्रेरित होगी। अजय इसमें एक रहस्यमयी और दमदार किरदार निभाते नजर आ सकते हैं। हालांकि, फिल्म के नाम और बाकी स्टारकास्ट को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सितंबर में मुंबई से शुरू होगी शूटिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन की इस हॉरर फिल्म की शूटिंग सितंबर 2026 में मुंबई से शुरू हो सकती है। इसके बाद फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग लंदन में भी किए जाने की खबर है।
अजय इससे पहले ‘भूत’, ‘काल’ और ‘शैतान’ जैसी हॉरर फिल्मों में काम कर चुके हैं। ऐसे में एक बार फिर उन्हें हॉरर जॉनर में अलग और रहस्यमयी किरदार में देखना फैंस के लिए खास हो सकता है।
फिल्म को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि सितंबर तक प्रोजेक्ट से जुड़ी और जानकारी सामने आ सकती है।
पहली बार ‘क्राइम पेट्रोल’ होस्ट करेंगे अजय
अजय देवगन करीब 35 साल से ज्यादा समय से बॉलीवुड में सक्रिय हैं, लेकिन अब तक उन्होंने टेलीविजन पर बतौर होस्ट काम नहीं किया था। अब वह पहली बार छोटे पर्दे पर ‘क्राइम पेट्रोल’ को होस्ट करते नजर आएंगे।
शो का नया सीजन सोनी टीवी पर 31 अगस्त से शुरू होने की जानकारी सामने आई है। अजय के टीवी डेब्यू को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है।
‘धमाल 4’ के बाद ‘दृश्यम 3’ में आएंगे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन हाल ही में ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की फिल्म ‘धमाल 4’ में नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया।
अब अभिनेता अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ की तीसरी किस्त में दिखाई देंगे। मेकर्स ने फिल्म का नाम ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ बताया है और यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
अजय के पास ‘दृश्यम 3’ के अलावा भी कई प्रोजेक्ट्स हैं। ऐसे में आने वाले महीनों में अभिनेता फिल्मों और टीवी, दोनों माध्यमों में दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।
