नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर से एक दुखद मामला सामने आया है। 17 वर्षीय उभरती हुई क्रिकेटर अदिति मोरेश्वर चौकांडे की मौत के मामले की पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह पिछले दो वर्षों से विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की टीम में जगह बनाने के लिए लगातार अभ्यास कर रही थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम में चयन नहीं होने से वह निराश थीं। पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।
दो साल से कर रही थीं कड़ी मेहनत
रिपोर्ट्स के अनुसार, अदिति मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली थीं। पिछले दो वर्षों से वह नागपुर में रहकर सुर्वे क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही थीं। उनका सपना पेशेवर क्रिकेटर बनना था। बताया जा रहा है कि उनका भाई भी क्रिकेट खेलता है।
पुलिस कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बजाज नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक चेतन चौहान ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल पुलिस कथित सुसाइड नोट सहित सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
