रायसेन में दिल दहला देने वाली वारदात: देवर ने भाभी की पत्थर से हत्या की, फिर पेड़ से लटककर दी जान

रायसेन में दिल दहला देने वाली वारदात: देवर ने भाभी की पत्थर से हत्या की, फिर पेड़ से लटककर दी जान

Spread the love

रायसेन: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के गैरतगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी भाभी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पास के एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

खेत से लौटते समय किया हमला

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को मुन्नू अहिरवार अपनी भाभी सुनीता अहिरवार को मोटरसाइकिल से खेत लेकर गया था। रात में लौटते समय उसने रास्ते में बाइक रोककर सुनीता के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

तलाश के दौरान मिला आरोपी का शव

जब देर रात तक दोनों घर नहीं लौटे और मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो सका, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत के पास सड़क किनारे सुनीता का शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, तभी शुक्रवार सुबह मृतका के पिता काशीराम ने खेत के पास एक पेड़ से मुन्नू का शव फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

चार साल पहले भी इसी पेड़ पर हुई थी आत्महत्या

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस पेड़ पर मुन्नू ने फांसी लगाई, उसी पेड़ पर करीब चार वर्ष पहले उसके छोटे भाई ने भी आत्महत्या की थी। पुलिस इस तथ्य को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

जांच में जुटी पुलिस

गैरतगंज थाना प्रभारी डीपी लोहिया ने बताया कि हत्या और आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा किया जा सकेगा।

संबंधित पोस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *