पटना: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) द्वारा निकाले गए राजभवन (लोकभवन) मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
जानकारी के अनुसार, AISA कार्यकर्ता और छात्र गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च कर रहे थे। गांधी मैदान के पास पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और स्थिति झड़प में बदल गई।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पहले बैरिकेडिंग की और बाद में वाटर कैनन तथा आंसू गैस का सहारा लिया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी जारी रखी।
यह प्रदर्शन NEET पेपर लीक मामले को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं। AISA ने बताया कि यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया है।
फिलहाल, इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
