इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के नाम दर्ज है। उन्होंने 2003 में इंग्लैंड के खिलाफ 161.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। यह रिकॉर्ड आज भी कायम है।
लेकिन अगर भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो टीम इंडिया के लिए सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड उमरान मलिक के नाम है। अपनी तूफानी रफ्तार के लिए मशहूर उमरान ने इस मामले में भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था।
आइए जानते हैं भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज गेंद फेंकने वाले टॉप-7 गेंदबाजों के बारे में।
इस लिस्ट में सबसे ऊपर उमरान मलिक हैं। उन्होंने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 156 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।
इस गेंद के साथ उमरान ने जवागल श्रीनाथ का करीब 24 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। उमरान की सबसे बड़ी ताकत उनकी तेज रफ्तार रही है और इसी वजह से उन्हें भारत के सबसे तेज गेंदबाजों में गिना जाता है।
उमरान मलिक से पहले यह रिकॉर्ड जवागल श्रीनाथ के नाम था। उन्होंने 1999 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 154.5 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद डाली थी।
श्रीनाथ का यह रिकॉर्ड लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट में सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड बना रहा।
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान भी अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते थे। उन्होंने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ 153.7 किमी/घंटेकी रफ्तार हासिल की थी।
इस प्रदर्शन के साथ इरफान इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।
मोहम्मद शमी को मुख्य रूप से उनकी सीम और स्विंग गेंदबाजी के लिए जाना जाता है, लेकिन उनकी रफ्तार भी काफी प्रभावशाली रही है।
शमी ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 153.3 किमी/घंटे की गति से गेंद फेंकी थी और इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं।
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपनी सटीक यॉर्कर के लिए दुनिया भर में मशहूर हैं। हालांकि, वह जरूरत पड़ने पर काफी तेज गेंदबाजी भी कर सकते हैं।
बुमराह ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में 153.26 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।
नवदीप सैनी ने भी अपनी तेज रफ्तार से भारतीय क्रिकेट में खास पहचान बनाई। उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 152.85 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।
इस प्रदर्शन के साथ सैनी भारतीय गेंदबाजों की इस सूची में छठे नंबर पर हैं।
लिस्ट में सातवें स्थान पर अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा हैं। उन्होंने 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 152.6 किमी/घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी।
अपने लंबे कद और अतिरिक्त उछाल हासिल करने की क्षमता के लिए मशहूर इशांत ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय तक अहम भूमिका निभाई।
