हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के जनजातीय पांगी क्षेत्र में किलाड़-उदयपुर मार्ग पर कुडू नाला के पास चल रही एक टाटा सूमो पर अचानक पहाड़ी से भारी चट्टान गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए।
भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव अभियान जारी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
