नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल अपनी आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले सनी देओल अपने बेटे करण देओल के साथ तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया।
गुरुद्वारे में दर्शन के दौरान दोनों ने श्रद्धापूर्वक अरदास की और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
सनी देओल और करण देओल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर संयुक्त पोस्ट साझा करते हुए पटना साहिब यात्रा की झलकियां पोस्ट कीं।
तस्वीरों के साथ सनी देओल ने लिखा, “श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की पवित्र जन्मस्थली, तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब जाकर सचमुच धन्य महसूस कर रहा हूं।”

फिल्म प्रमोशन के लिए बिहार पहुंचे
जानकारी के अनुसार, सनी देओल और करण देओल अपनी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के सिलसिले में बिहार पहुंचे हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
फिल्म की कहानी भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें एक परिवार की जिंदगी हिंसा, भय और जबरन पलायन के बीच पूरी तरह बदल जाती है।
दमदार स्टारकास्ट
फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इस फिल्म के जरिए प्रीति जिंटा करीब आठ साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। फिल्म में वह सनी देओल की पत्नी की भूमिका निभा रही हैं।
14 अगस्त 2026 को होगी रिलीज
‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। करीब तीन दशक बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है।
फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहितने आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया है।
यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
