नई दिल्ली: ई20 (E20) इथेनॉल मिश्रित ईंधन नीति के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सोमवार को दिल्ली पुलिस ने फिरोजशाह रोड पर रोक दिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में इथेनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा दे रही है।
मीडिया से बातचीत में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की E20 फ्यूल नीति से भारत के किसानों के बजाय अमेरिका के किसानों को फायदा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने “नतमस्तक” हैं और उसी दबाव में यह नीति लागू की जा रही है।
केजरीवाल ने दावा किया कि इथेनॉल नीति का देशभर में विरोध हो रहा है और इस नीति के खिलाफ 2.33 लाख लोगों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए और देशवासियों को शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध कराना चाहिए।
AAP नेता ने यह भी कहा कि पूरे देश में E20 फ्यूल लागू करने का फैसला केवल सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी या पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के स्तर का निर्णय नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिमंडल का फैसला है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह किसी भी बाहरी दबाव में आकर नीतियां न बनाए और देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
