UP विधानसभा में फिर गरमाया माहौल, सपा विधायकों का हंगामा जारी

UP विधानसभा में फिर गरमाया माहौल, सपा विधायकों का हंगामा जारी

Spread the love

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने एक बार फिर जोरदार हंगामा किया। कार्यवाही स्थगित रहने के दौरान भी सपा विधायक विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे रहे और दोबारा सदन शुरू होने पर हाथों में प्लेकार्ड लेकर वेल में पहुंच गए। इस दौरान नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहा।

हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही स्थगित रहने के दौरान की कोई भी खबर प्रसारित नहीं होगी और यह उनका स्पष्ट निर्देश है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदन में मौजूद हैं और विपक्ष के सभी सवालों का जवाब दिया जाएगा। इसके बावजूद सपा विधायक प्रदर्शन करते रहे।

हंगामे के बीच वित्त मंत्री ने पेश किया अनुपूरक बजट

सदन में लगातार शोर-शराबे के बीच वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अनुपूरक बजट पढ़ना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग आज आस्था की बात कर रहे हैं, वही पहले मंदिर निर्माण में बाधा डालते थे।

राम मंदिर चढ़ावा और बजट को लेकर सपा का हमला

सपा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सदन में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित मुद्दे को उठाया। वहीं सपा विधायकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार “चंदा चोरी और बजट चोरी” करने वाली सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए बजट पेश करती है।

पुष्पवर्षा और कांवड़ यात्रा पर भी उठे सवाल

कांवड़ यात्रा के दौरान पुष्पवर्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि सरकार केवल दिखावा करती है और जनता की समस्याओं से उसका कोई लेना-देना नहीं है।

वहीं सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार को विकास की चिंता नहीं है। सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी ने कहा कि पुष्पवर्षा उन लोगों पर होनी चाहिए जो अनुशासन और भाईचारे का संदेश देते हैं, जबकि तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी

इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट बैठक समाप्त हो गई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्यऔर बृजेश पाठक सहित सभी मंत्री मौजूद रहे। बैठक में 21 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके बाद सभी मंत्री विधानसभा के लिए रवाना हुए, जहां मानसून सत्र के दौरान अनुपूरक बजट पेश किया गया।

संबंधित पोस्ट