वॉशिंगटन: अमेरिका के फ्लोरिडा निवासी नाथन थॉमस ने महज 18 वर्ष 346 दिन की उम्र में दुनिया के सबसे युवा प्रोफेसर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने 306 साल पुराना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
नाथन थॉमस ने मियामी डेड कॉलेज में कंप्यूटर लैंग्वेज C प्रोग्रामिंग पढ़ाना शुरू किया। प्रोफेसर का पद संभालते ही उन्होंने स्कॉटलैंड के गणितज्ञ कॉलिन मैकलॉरिन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। मैकलॉरिन ने वर्ष 1717 में 19 वर्ष की आयु में प्रोफेसर बनकर यह रिकॉर्ड बनाया था।
बताया जाता है कि नाथन बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने मात्र 10 वर्ष की उम्र में कॉलेज की पढ़ाई शुरू कर दी थी। बाद में उन्होंने फ्लोरिडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से अपनी उच्च शिक्षा पूरी की और कम उम्र में ही बैचलर तथा मास्टर डिग्री हासिल कर ली।
नाथन का कहना है कि उनका लक्ष्य केवल प्रोफेसर बनना नहीं है। वह वर्तमान में ज्यूरिस डॉक्टर (JD) की पढ़ाई भी कर रहे हैं और भविष्य में शिक्षा के साथ-साथ कानून के क्षेत्र में भी योगदान देना चाहते हैं।
