मुंबई: अभिनेता कुणाल खेमू के रियलिटी शो ‘अलायंस’ को उसका पहला विजेता मिल गया है। शो के ग्रैंड फिनाले में मिनी माथुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एली गोनी और रूही दोसानी को पीछे छोड़ ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जीत के बाद मिनी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनका यह सफर महिलाओं को अपने सपनों पर भरोसा करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
कैसे पहुंचीं फिनाले तक?
एली गोनी पहले ही ‘एस ऑफ द वीक’ बनने के कारण सीधे फाइनल में पहुंच गए थे। वहीं रूही दोसानी, मिनी माथुर, नीति टेलर और कुशल टंडन को फाइनलिस्ट बनने के लिए चुनौतीपूर्ण मुकाबलों से गुजरना पड़ा। सेमीफाइनल में मिनी ने कुशल टंडन को हराया, जबकि रूही ने नीति टेलर को मात दी। इसके बाद एली, रूही और मिनी फाइनलिस्ट बने।
फिनाले टास्क में दिखा जबरदस्त मुकाबला
अंतिम मुकाबले में तीनों फाइनलिस्ट को एक विशेष टास्क पूरा करना था। उन्हें बॉक्स से गेंदें इकट्ठा करनी थीं, एक पुल तैयार करना था और गेंदों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचाकर संतुलित करना था। टास्क पूरा करने के बाद ही वॉल्ट खोलने का कोड मिलना था।
मिनी ने सबसे पहले जुटाए तीन कोड
फाइनल टास्क में मिनी माथुर ने सबसे पहले तीन कोड हासिल किए, जबकि एली गोनी केवल दो कोड ही जुटा सके। इसी के साथ मिनी को विजेता घोषित किया गया और एली गोनी फर्स्ट रनर-अप रहे।
जीत के बाद क्या बोलीं मिनी?ट्रॉफी जीतने के बाद मिनी माथुर ने कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी कहानी किसी महिला को अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देती है, तो यह उनकी सबसे बड़ी सफलता होगी।
