नासिक: महाराष्ट्र के नासिक जिले में रविवार सुबह एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 5:33 बजे आया, जिसकी तीव्रता 3.3 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। फिलहाल भूकंप से किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
इससे पहले शनिवार रात करीब 10 बजे भी नासिक और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस दौरान घरों और दुकानों में कंपन के साथ छत और दरवाजे हिलने लगे, जिसके बाद लोगों में डर का माहौल बन गया था।
शनिवार रात 4.3 तीव्रता का भूकंप
NCS के अनुसार, शनिवार रात आए भूकंप की तीव्रता करीब 4.3 मैग्नीट्यूड थी। इसका केंद्र महाराष्ट्र और गुजरात की सीमा के आसपास करीब 5 किलोमीटर की गहराई में बताया गया।
भूकंप के बाद कुछ इलाकों में घरों और दुकानों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नासिक के कई इलाकों में महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके सुरगाणा, डिंडोरी, सप्तश्रृंगी गढ़ और पेठ समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में महसूस किए गए। इसके अलावा नासिक शहर के भी कई हिस्सों में लोगों ने कंपन महसूस किया।
लगातार भूकंप के झटकों के कारण ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। पिछले करीब एक सप्ताह से नासिक जिले में इस तरह के भूकंपीय झटकों की खबरें सामने आती रही हैं।
जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर
लगातार झटकों को देखते हुए नासिक जिला प्रशासन भी सतर्क है। नासिक के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
भूकंप के दौरान क्या सावधानी बरतें?
प्रशासन ने लोगों को भूकंप के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। अगर आप घर के अंदर हैं तो खिड़कियों, कांच, अलमारी और भारी सामान से दूर रहें। संभव हो तो किसी मजबूत मेज के नीचे सुरक्षित स्थान पर रहें।
भूकंप के झटके जारी रहने के दौरान लिफ्ट का इस्तेमाल न करने और घबराकर बाहर भागने से बचने की सलाह दी गई है। झटके रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से खुले स्थान पर जाने को कहा गया है।
लोगों से बिजली की लाइनों, पेड़ों और कमजोर या खतरनाक ढांचों से दूर रहने की अपील भी की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों और बिना पुष्टि वाली सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने को कहा है।
