नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत अपने बेबाक बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। कुछ हफ्ते पहले उन्होंने Gen Z को लेकर ‘गटर जेनरेशन’ जैसी टिप्पणी की थी। अब उन्होंने अपने बयान में Gen Z को देश की ताकत और बड़ी संपत्ति बताया है।
संसद के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने कहा कि देश के युवा तेजी से अपनी संस्कृति और पहचान के एंबेसडर बनकर सामने आ रहे हैं। उन्होंने Gen Z को देश की बड़ी ताकत बताते हुए युवाओं की भूमिका की तारीफ की।
‘Gen Z हमारे देश की बड़ी संपत्ति’
कंगना रनौत ने कहा, “Gen Z हमारे देश की ताकत है और एक तरह से हमारे देश के लिए बहुत बड़ी संपत्ति है। हमें खुशी है कि हमारे युवा तेजी से हमारी संस्कृति और पहचान के एंबेसडर बनकर सामने आ रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें मोहन भागवत को सुनने का मौका मिला और उनके अनुभव व ज्ञान से काफी कुछ सीखने को मिला। कंगना के मुताबिक, यह खुशी की बात है कि देश के युवा उनसे जुड़ रहे हैं और अपनी सांस्कृतिक पहचान को अपना रहे हैं।
‘10-15 लोग गाली दे रहे हैं, वही पूरी Gen Z नहीं’
कंगना रनौत ने कहा कि Gen Z सरकार का हिस्सा है और यह उनका ही जनादेश है, जिसे सरकार कई सालों से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा अच्छे हैं और केवल कुछ लोगों के व्यवहार के आधार पर पूरी Gen Z को नहीं देखा जाना चाहिए।
कंगना ने कहा, “ऐसा नहीं है कि जो 10-15 लोग गाली दे रहे हैं, वही Gen Z हैं।”
कुछ हफ्ते पहले की थी ‘गटर जेनरेशन’ वाली टिप्पणी
कंगना रनौत ने हाल ही में CJP के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों के दौरान कुछ युवा प्रदर्शनकारियों के व्यवहार और भाषा पर नाराजगी जताई थी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने Gen Z के प्रदर्शन से जुड़े वीडियो को लेकर आलोचना की थी और ‘गटर जेनरेशन’ शब्द का इस्तेमाल किया था।
अपने पोस्ट में कंगना ने प्रदर्शनकारियों की भाषा और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उन्होंने इतनी गंदगी पहले कभी एक जगह नहीं देखी। उन्होंने प्रदर्शन से जुड़ी रील्स का जिक्र करते हुए भी आपत्ति जताई थी।
उनके इस बयान, खासकर प्रदर्शन में शामिल युवा महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी, की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। कई यूजर्स ने कंगना के बयान पर सवाल भी उठाए थे।
अब Gen Z की तारीफ क्यों कर रही हैं कंगना?
कंगना रनौत का ताजा बयान उनके कुछ सप्ताह पुराने बयान से अलग नजर आ रहा है। जहां उन्होंने पहले कुछ प्रदर्शनकारियों के व्यवहार को लेकर पूरी Gen Z पर टिप्पणी की थी, वहीं अब उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ लोगों के व्यवहार को पूरी पीढ़ी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने युवाओं को देश की ताकत बताते हुए उनकी सांस्कृतिक पहचान और देश के प्रति जुड़ाव की भी तारीफ की।
फिल्मी करियर की बात करें तो…
वर्क फ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत आखिरी बार फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आई थीं। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में कंगना ने एक नर्स का किरदार निभाया था।
