महाराष्ट्र: महाराष्ट्र की राजनीति से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। NCP शरद पवार गुट के सभी 8 सांसद सोमवार, 10 अगस्त को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। सांसदों की ओर से प्रधानमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा गया था।
पार्टी की लोकसभा सांसद और नेता सुप्रिया सुले ने इस मुलाकात को एक आधिकारिक बैठक बताया है। हालांकि, शरद पवार गुट के सांसदों की पीएम मोदी से होने वाली इस मुलाकात को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब परिसीमन बिल समेत सरकार के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। ऐसे में इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है।
इस बीच, ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि NCP शरद पवार गुट भविष्य में परिसीमन बिल का प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से समर्थन कर सकता है। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इसके अलावा NCP शरद पवार गुट के NDA के साथ संभावित राजनीतिक समीकरण को लेकर भी चर्चा चल रही है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने साफ किया है कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सांसदों के कार्यक्षेत्र और उनके निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है।
अब सभी की नजरें 10 अगस्त को होने वाली इस मुलाकात पर टिकी हैं और देखना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी और NCP शरद पवार गुट के सांसदों के बीच किन मुद्दों पर बातचीत होती है।
