नई दिल्ली: एक्ट्रेस निकिता रावल इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। 8 अगस्त को एक इवेंट के रेड कार्पेट पर उनके साथ एक महिला फैन ने अचानक ऐसी हरकत कर दी, जिससे एक्ट्रेस के साथ-साथ वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, निकिता रावल इवेंट के रेड कार्पेट पर पैपराजी के लिए पोज दे रही थीं। इसी दौरान एक महिला फैन उनके पास पहुंची और उनके साथ सेल्फी लेने की इच्छा जताई। निकिता ने भी खुशी से फैन के साथ तस्वीर खिंचवाई और दोनों कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए पोज देने लगीं।
इसी दौरान महिला ने अचानक निकिता के गाल पर किस कर दिया। इसके बाद उसने एक्ट्रेस को अपनी ओर खींचा और बिना किसी पूर्व संकेत के उनके होंठों पर किस कर दिया।
अचानक हुई घटना से असहज दिखीं एक्ट्रेस
घटना इतनी अचानक हुई कि निकिता कुछ पल के लिए हैरान नजर आईं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला के इस व्यवहार के बाद एक्ट्रेस तुरंत अपने होंठों पर हाथ रखती हैं और उसे खुद से दूर करने की कोशिश करती दिखाई देती हैं।
इसके बाद महिला फैन ने एक बार फिर निकिता के गाल पर किस किया और वहां से चली गई। घटना के बाद निकिता भी वहां से निकल गईं।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने इसे एक्ट्रेस की निजी सीमाओं और बिना अनुमति शारीरिक संपर्क से जोड़कर सवाल उठाए हैं।
फिल्मों में काम कर चुकी हैं निकिता रावल
निकिता रावल बॉलीवुड के साथ-साथ दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। वह ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ में अनिल कपूर और शेफाली शाह के साथ नजर आई थीं।
इसके अलावा निकिता ‘मिस्टर हॉट मिस्टर कूल’, ‘द हीरो- अभिमन्यु’, ‘अम्मा की बोली’, ‘गरम मसाला’ और ‘क्यूट कमीना’ जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
