नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली क्लीन चिट का स्वागत किया है। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) और CBI जैसी जांच एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है।
सोनिया गांधी ने मंगलवार (11 अगस्त) को द इंडियन एक्सप्रेस के लिए लिखे एक लेख में कहा कि मनमोहन सिंह की ईमानदारी और जवाबदेही का रिकॉर्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज के तरीके के बिल्कुल विपरीत है।
मनमोहन सिंह को क्लीन चिट मिलने पर क्या बोलीं सोनिया?
सोनिया गांधी ने कहा कि 29 जुलाई 2026 भारतीय राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण, लेकिन काफी हद तक अनदेखा दिन था। इसी दिन सुप्रीम कोर्ट ने कथित कोयला घोटाला मामले में CBI की क्लोजर रिपोर्ट के आधार पर मनमोहन सिंह को मिली क्लीन चिट को बरकरार रखा।
उन्होंने कहा कि यह मनमोहन सिंह के खिलाफ चलाए गए अभियान के एक दुखद अध्याय का अंत है। सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री को असाधारण शुचिता और ईमानदारी वाला व्यक्ति बताया।
सोनिया गांधी के मुताबिक, इतिहास मनमोहन सिंह को एक मृदु, सौम्य और सबसे महत्वपूर्ण प्रधानमंत्रियों में से एक के रूप में याद करेगा।
मनमोहन सिंह के खिलाफ अभियान को बताया सुनियोजित
सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह के खिलाफ चलाया गया अभियान सुनियोजित था। उनके मुताबिक, इस अभियान में नौकरशाही, मीडिया, न्यायपालिका, नागरिक संगठनों और RSS-BJP से जुड़े लोगों की भूमिका थी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोदी इन दिनों देश के छात्रों को उन पर हमला करने के लिए ‘माफ’ कर रहे हैं। सोनिया ने तंज कसते हुए कहा कि शायद प्रधानमंत्री खुद को मनमोहन सिंह को ‘अमर्यादित तरीके से बदनाम करने’ के लिए भी माफ कर सकते हैं।
‘रेनकोट पहनकर नहाने’ वाली टिप्पणी का किया जिक्र
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की राज्यसभा में 8 फरवरी 2017 को मनमोहन सिंह को लेकर की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ‘रेनकोट पहनकर नहाने की कला’ वाली टिप्पणी को भारतीय संसदीय इतिहास के सबसे निचले स्तरों में से एक के तौर पर याद किया जाएगा।
ED-CBI के इस्तेमाल पर मोदी सरकार को घेरा
सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ED और CBI जैसी जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक नेताओं पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
उनके इस बयान से एक बार फिर कांग्रेस और केंद्र सरकार के बीच जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को लेकर राजनीतिक विवाद तेज होने के संकेत हैं।
मनमोहन सरकार की आर्थिक नीतियों की तारीफ
सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली UPA सरकार के कार्यकाल की आर्थिक नीतियों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि उस सरकार ने बड़े आर्थिक बदलावों की शुरुआत की और अभूतपूर्व आर्थिक वृद्धि के दौर में निजी निवेश और खपत को बढ़ावा दिया।
उन्होंने दावा किया कि 2008 के वैश्विक आर्थिक संकट के दौरान भी भारत ने अपनी आर्थिक मजबूती का प्रदर्शन किया था।
