मुंबई: भोजपुरी एंटरटेनमेंट शो ‘भोजपुरी बवाल’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। शो के हर एपिसोड में भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े कई किस्से और खुलासे सामने आ रहे हैं। बुधवार के एपिसोड में पवन सिंह और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने साथ बैठकर भोजपुरी इंडस्ट्री की गॉसिप पर चर्चा की। दोनों ने शो में स्पा भी लिया और पुराने वीडियो देखकर उन पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।
तेज प्रताप यादव के पुराने वीडियो पर निरहुआ-पवन की प्रतिक्रिया
शो के दौरान एक पुराना वीडियो दिखाया गया, जिसमें तेज प्रताप यादव कुछ लोगों के साथ बैठे नजर आए। वीडियो में वह पहले पवन सिंह की तस्वीर दिखाकर पूछते हैं कि ये कौन है। इसके बाद वह पवन सिंह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए पोस्टर नीचे रख देते हैं।
इसके बाद तेज प्रताप यादव निरहुआ की तस्वीर दिखाकर पूछते हैं कि ये हीरो कैसा है। वीडियो में मौजूद एक लड़की कहती है कि उसे निरहुआ पसंद नहीं हैं। इसके बाद तेज प्रताप यादव भी निरहुआ को लेकर टिप्पणी करते नजर आते हैं।
वीडियो देखने के बाद निरहुआ ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को सम्मान चाहिए तो उसे पहले खुद उस सम्मान के लायक बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी और तेज प्रताप यादव की राजनीतिक विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन कलाकार के तौर पर उन्होंने हमेशा सम्मान बनाए रखा है।
निरहुआ ने कहा, “आपको पता नहीं है कि किससे पंगा ले रहे हो। आप अपने पिता के नाम की वजह से जाने जाते हैं। हम लोग एक गरीब के घर में पैदा हुए और स्ट्रगल करते-करते यहां पहुंचे।”
पवन सिंह बोले- जरूरत पड़ने पर कलाकार ही याद आते हैं
पवन सिंह ने भी इस मामले पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब किसी कलाकार का साथ चाहिए होता है, तब उसे ‘अश्लील गायक’ नहीं कहा जाता, बल्कि उसे भाई और अच्छा कलाकार बताया जाता है।
पवन सिंह ने कहा कि जरूरत के समय कलाकारों का समर्थन लिया जाता है, लेकिन बाद में उन्हें ‘नाचने वाला’ कहकर नीचा दिखाने की कोशिश की जाती है।
काजल राघवानी को लेकर निरहुआ का बड़ा दावा
शो में काजल राघवानी को लेकर भी चर्चा हुई। निरहुआ ने कहा कि काजल अक्सर आरोप लगाती हैं कि वह उनके साथ काम नहीं करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने काजल को एक फिल्म में काम दिया था, लेकिन सेट पर कथित तौर पर ऐसी घटना हुई कि उनके साथ कई ब्लॉकबस्टर फिल्में बना चुके एक निर्देशक ने बाद में इंडस्ट्री छोड़ दी।
निरहुआ ने इस मामले को काजल के साथ अपने कामकाजी रिश्ते से जोड़ते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
किसिंग सीन के आरोप पर पवन सिंह ने दिया जवाब
पवन सिंह ने भी काजल राघवानी से जुड़े किसिंग सीन के आरोप पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक फिल्म की शूटिंग का जिक्र करते हुए कहा कि फिल्म में एक ऐसा सीन था, जिसे काजल पहले कई बार कर चुकी थीं, लेकिन उनके साथ करने से उन्होंने मना कर दिया।
पवन सिंह के मुताबिक, यह फिल्म की शूटिंग का आखिरी दिन था और उन्होंने भी साफ कह दिया कि अगर वह सीन नहीं करना चाहती हैं तो वह भी इसे नहीं करेंगे।
काजल राघवानी और रानी चटर्जी की मुलाकात
‘भोजपुरी बवाल’ के इसी एपिसोड में काजल राघवानी और रानी चटर्जी की मुलाकात भी हुई। दोनों ने भोजपुरी इंडस्ट्री को लेकर कई मुद्दों पर बातचीत की।
इस दौरान दोनों ने एक गाना बनाने का प्लान भी बनाया। बताया गया कि इस गाने के जरिए भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े अनुभवों और वहां के माहौल को सामने रखने की कोशिश की जाएगी।
