दिल्ली में आज भी छाए रहेंगे बादल, उमस करेगी परेशान; हल्की बारिश के आसार

दिल्ली में आज भी छाए रहेंगे बादल, उमस करेगी परेशान; हल्की बारिश के आसार

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को हल्की बारिश के साथ उमस ने लोगों को परेशान किया। राजधानी में आज यानी गुरुवार, 27 अगस्त को भी मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में आज आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

सुबह से दोपहर तक बारिश के आसार

IMD के अनुमान के मुताबिक, गुरुवार सुबह से दोपहर के बीच दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलेंगी, जिनकी गति करीब 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

बारिश कम होने के कारण राजधानी में उमस का असर बना रह सकता है।

बुधवार को 33.8 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

बुधवार को दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। राजधानी का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान करीब 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम था।पिछले 24 घंटों में सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली में 8.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

गाजियाबाद और नोएडा में भी बढ़ा तापमान

दिल्ली से सटे एनसीआर के इलाकों में भी गर्मी और उमस का असर देखने को मिला। बुधवार को गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि नोएडा में 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में हल्की बारिश के साथ आंधी-बिजली

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली कड़कने की घटनाएं भी दर्ज की गईं।राजधानी के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज हुई। अन्य इलाकों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ।

1 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

IMD के मुताबिक, 1 सितंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

हवा और नमी का हाल

बुधवार को दिल्ली में दक्षिण-पूर्वी हवाएं करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं। दोपहर करीब 3:30 बजे हवा की अधिकतम गति 23 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

उमस का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हवा में नमी का स्तर काफी अधिक रहा। ऐसे में बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी और चिपचिपी उमस से राहत कम मिलने की संभावना है।

संबंधित पोस्ट