बोकारो: झारखंड के बोकारो में एक घर के अंदर मां और बेटे के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव काफी समय से घर के अंदर पड़े होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर के अंदर मिले दोनों के शव
मामला बोकारो की ऑपरेटिव कॉलोनी का बताया जा रहा है। प्लॉट संख्या-67 में मां और बेटे की संदिग्ध अवस्था में मौत की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, महिला का शव सड़ी-गली हालत में मिला, जबकि बेटे का शव करीब एक-दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान सेवानिवृत्त बीएसएल कर्मी स्वर्गीय एनके सिन्हा की पत्नी अनिता देवी (60) और उनके 30 वर्षीय बेटे नितेश के रूप में बताई गई है।
घर में कई साल से नहीं थी बिजली
जानकारी के अनुसार, मां-बेटे इसी मकान में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पिछले 5-6 वर्षों से घर में बिजली नहीं थी। सोसाइटी के पास बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काटे जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल दोनों की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मौत का कारण पता लगाने के लिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच के लिए फॉरेंसिक टीम पहुंची
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर भेजी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल मां-बेटे की मौत ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।
