कांग्रेस के फैसले पर बीजेपी का पलटवार, नितिन नवीन बोले- ‘पूर्ण वंदे मातरम् के सम्मान की रक्षा करेंगे’

कांग्रेस के फैसले पर बीजेपी का पलटवार, नितिन नवीन बोले- ‘पूर्ण वंदे मातरम् के सम्मान की रक्षा करेंगे’

Spread the love

नई दिल्ली: कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की ओर से कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के शुरुआती दो पदों के गायन के फैसले पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई है। बीजेपी ने शनिवार (22 अगस्त) को कांग्रेस के फैसले की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया और कहा कि छह पदों वाला पूरा वंदे मातरम् भारत की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत का प्रतीक है।

बीजेपी ने कांग्रेस के फैसले का किया विरोध

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पार्टी कांग्रेस कार्यसमिति के 19 अगस्त 2026 के उस फैसले की कड़ी निंदा करती है, जिसमें 1937 के प्रस्ताव को दोबारा स्वीकार करते हुए कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल पहले दो पदों के गायन तक सीमित रखने का निर्णय लिया गया है।

नितिन नवीन ने कहा कि बीजेपी वंदे मातरम् को भारत का राष्ट्रीय गीत, भारत माता के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति और स्वतंत्रता संग्राम का मंत्र मानती है। उन्होंने इसे भारत की राष्ट्रीय चेतना का अमर प्रतीक भी बताया।

‘पूर्ण वंदे मातरम् के सम्मान की रक्षा करेगी बीजेपी’

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पूर्ण वंदे मातरम् के सम्मान, गरिमा, विरासत और राष्ट्रीय स्वरूप की रक्षा करने का संकल्प लेती है। उन्होंने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय गीत को सांप्रदायिक दबाव, राजनीतिक तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति का विषय बनाए जाने के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी।

नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति का कोई भी प्रस्ताव भारत के संवैधानिक संस्थानों और संसद द्वारा बनाए गए कानूनों से ऊपर नहीं हो सकता। उनके मुताबिक, 1937 के राजनीतिक समझौते को 1950 के संवैधानिक निर्णय और 2026 में संसद द्वारा बनाए गए कानून से ऊपर नहीं रखा जा सकता।

देशभर में अभियान चलाएगी बीजेपी

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी देशभर में अभियान चलाकर वंदे मातरम् का इतिहास, अर्थ, राष्ट्रीय महत्व और इसकी विरासत लोगों तक पहुंचाएगी। खासतौर पर युवा पीढ़ी के बीच जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई है।

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छह पदों वाले पूर्ण राष्ट्रीय गीत और उससे जुड़े इतिहास को भुलाया न जाए। बीजेपी के मुताबिक, वंदे मातरम् के साथ भारत की आजादी, संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र-जागरण की गहरी स्मृतियां जुड़ी हुई हैं।

‘राजनीतिक सुविधा के लिए समझौता स्वीकार नहीं’

नितिन नवीन ने कहा कि राजनीतिक सुविधा या तुष्टीकरण के लिए वंदे मातरम् के सम्मान और विरासत से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक दलों से जुड़ा मुद्दा न बताते हुए देश के सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत से जुड़ा विषय बताया।

उन्होंने कहा कि बीजेपी महात्मा गांधी के वंदे मातरम् से जुड़े ऐतिहासिक कथन को भी लोगों तक पहुंचाएगी। पार्टी का दावा है कि गांधी ने इसे साम्राज्यवाद विरोधी भावना और राष्ट्रीय भावना से जोड़ा था।

‘1947 में वंदे मातरम्, 2047 में भी यही महाघोष’

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि 1947 में भारत की स्वतंत्रता का जयघोष ‘वंदे मातरम्’ था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 के ‘विकसित भारत’ का महाघोष भी ‘वंदे मातरम्’ होगा।

संबंधित पोस्ट