नई दिल्ली: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कराए गए कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद अभी भी जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस मामले में कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा को पत्र लिखा है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार (3 सितंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने जेपी नड्डा को पत्र लिखकर हल्द्वानी में उनकी जनसभा के बाद रामलीला मैदान में कराए गए शुद्धिकरण के मामले में उनके आश्वासन की याद दिलाई है। उन्होंने नड्डा से मामले में तत्काल कार्रवाई की अपील की है।
’24 दिन बाद भी FIR दर्ज नहीं’
खरगे ने अपने पोस्ट में रोष जाहिर करते हुए कहा कि घटना को 24 दिन बीत जाने के बावजूद इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ अब तक FIR दर्ज नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल उनके व्यक्तिगत सम्मान या भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापक रूप से करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। खरगे ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें सबक सिखाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री को निर्देश देने की मांग
जेपी नड्डा को लिखे पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी मांग स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्यसभा में दिए गए आश्वासन और उपलब्ध तथ्यों के मद्देनजर नड्डा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को आवश्यक निर्देश दें।
खरगे ने मांग की कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण की घटना में शामिल व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई जाए और मामले में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
