बिहार बाढ़ के बीच चिराग पासवान ने बांटी राहत सामग्री, सामुदायिक रसोई में खुद परोसा खाना

बिहार बाढ़ के बीच चिराग पासवान ने बांटी राहत सामग्री, सामुदायिक रसोई में खुद परोसा खाना

पटना: बिहार में बाढ़ का कहर जारी है। इस बीच केंद्रीय मंत्री और जमुई सांसद चिराग पासवान बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सरायपुर पंचायत में सैकड़ों प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित की। इसके बाद गंगा ब्रिज थाना के पास बनाए गए राहत शिविर में पहुंचकर उन्होंने बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना और सामुदायिक रसोई में खुद लोगों को खाना परोसा।

बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटी राहत सामग्री

चिराग पासवान ने सरायपुर पंचायत में बाढ़ प्रभावित परिवारों को चूड़ा, गुड़ और अन्य जरूरी सामान वितरित किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी भी ली।

चिराग ने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि कोई भी बाढ़ पीड़ित राहत और मदद से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से जरूरतमंद लोगों तक प्रशासन की मदद सीधे पहुंचाने को कहा है।

राहत शिविर में खुद परोसा खाना

राहत शिविर पहुंचने के बाद चिराग पासवान ने सामुदायिक रसोई का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से खाना परोसा और इसके बाद उन्हीं लोगों के बीच बैठकर भोजन भी किया।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के बीच प्रभावित लोगों की जिंदगी बेहद मुश्किल हो गई है। मौके पर पहुंचकर और लोगों की स्थिति अपनी आंखों से देखकर बाढ़ की गंभीरता का अंदाजा हुआ है।

नीतीश कुमार से हुई बातचीत का किया जिक्र

चिराग पासवान ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार के साथ मिलकर आगे ऐसा रोडमैप तैयार करने की कोशिश होगी, जिससे बिहार को बार-बार इस तरह की भयावह बाढ़ की तबाही का सामना न करना पड़े।

जन्माष्टमी पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर चिराग पासवान ने बिहार के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने भगवान कृष्ण के बाल रूप की पूजा और अच्छाई की बुराई पर जीत के संदेश का जिक्र किया।

तेज प्रताप यादव द्वारा कृष्ण के रूप में जन्माष्टमी मनाए जाने के सवाल पर चिराग पासवान ने उन्हें बधाई दी और तेज प्रताप को अपना छोटा भाई बताया।

संबंधित पोस्ट