रोनाल्डो और मेसी पहली बार खेलेंगे एक टीम में? टेवेज के फेयरवेल मैच में साथ लाने की तैयारी

रोनाल्डो और मेसी पहली बार खेलेंगे एक टीम में? टेवेज के फेयरवेल मैच में साथ लाने की तैयारी

नई दिल्ली: पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी फुटबॉल इतिहास के दो सबसे बड़े सितारे हैं। करीब 15 साल तक दोनों की प्रतिद्वंद्विता ने वर्ल्ड फुटबॉल के एक पूरे दौर को परिभाषित किया। खासतौर पर स्पेनिश लीग ला लीगा में रियल मैड्रिड के रोनाल्डो और बार्सिलोना के मेसी के बीच मुकाबले दुनियाभर में चर्चा का विषय रहे।

लेकिन अब फुटबॉल फैंस के लिए एक ऐसा पल आ सकता है, जिसका उन्होंने शायद ही कभी सपना देखा हो। मेसी और रोनाल्डो पहली बार एक ही टीम के लिए मैदान पर उतर सकते हैं। इस ऐतिहासिक मुकाबले की योजना अर्जेंटीना के पूर्व स्टार फुटबॉलर कार्लोस टेवेज के फेयरवेल मैच के लिए बनाई जा रही है।

टेवेज के फेयरवेल मैच में साथ आएंगे मेसी-रोनाल्डो?

टीवाईसी स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्लोस टेवेज ने बोका जूनियर्स के प्रेसिडेंट जुआन रोमन रिकेल्मे से क्लब के मशहूर स्टेडियम ला बॉम्बोनेरा में अपना फेयरवेल मैच आयोजित करने को लेकर बातचीत की है।

रिकेल्मे ने इस मुकाबले के आयोजन को हरी झंडी दे दी है। अब अधिकारियों की ओर से मैच की तारीख तय करने पर काम किया जा रहा है। माना जा रहा है कि मुकाबला दिसंबर में आयोजित किया जा सकता है, ताकि बोका जूनियर्स के नियमित कार्यक्रम पर इसका ज्यादा असर न पड़े।

37 बार आमने-सामने हो चुके हैं दोनों दिग्गज

मेसी और रोनाल्डो के बीच ‘कौन महान है’ की बहस फुटबॉल की सबसे चर्चित बहसों में से एक रही है। नेशनल और क्लब स्तर पर दोनों दिग्गज 37 बार एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुके हैं।

हालांकि, अब तक ऐसा कभी नहीं हुआ कि दोनों किसी एक टीम के लिए साथ मैदान पर उतरे हों। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 13 बैलन डी’ओरखिताब जीते हैं, जो उनकी महानता को दर्शाता है।

मेसी और रोनाल्डो दोनों को मिला है न्योता

कार्लोस टेवेज के फेयरवेल मैच के लिए लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो दोनों को आमंत्रित किया गया है। अगर दोनों इस मुकाबले में शामिल होते हैं और एक ही टीम के लिए खेलते हैं, तो यह फुटबॉल इतिहास के सबसे यादगार पलों में से एक बन सकता है।

टेवेज के लिए दोनों खिलाड़ियों को एक साथ लाना इसलिए भी संभव माना जा रहा है क्योंकि वह मेसी और रोनाल्डो दोनों के करीबी रहे हैं।

मेसी और रोनाल्डो के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर चुके हैं टेवेज

कार्लोस टेवेज ने अपने करियर में दोनों सुपरस्टार्स के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया है। उन्होंने अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम में मेसी के साथ खेला, जबकि क्लब स्तर पर मैनचेस्टर यूनाइटेड में रोनाल्डो के साथ मैदान साझा किया।

टेवेज के दोनों खिलाड़ियों के साथ आज भी अच्छे संबंध बताए जाते हैं और वह लगातार उनके संपर्क में हैं।

टेवेज बोले- ‘हम उन्हें एक साथ लाएंगे’

ओल्गा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को दिए एक इंटरव्यू में टेवेज से मेसी और रोनाल्डो को एक साथ लाने की योजना के बारे में सवाल किया गया।

उन्होंने बताया कि वह आज भी व्हाट्सऐप के जरिए मेसी और रोनाल्डो दोनों के संपर्क में हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या दोनों दिग्गज एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगे, तो टेवेज ने कहा, “हम उन्हें एक साथ लाएंगे।”

अगर कार्लोस टेवेज अपनी इस योजना को सफल बनाने में कामयाब होते हैं, तो फुटबॉल फैंस को पहली बार मेसी और रोनाल्डो को एक ही टीम की जर्सी में खेलते देखने का ऐतिहासिक मौका मिल सकता है।

संबंधित पोस्ट