मां बनने के बाद बिपाशा बसु ने झेली बॉडी शेमिंग, बोलीं- ‘ट्रोलिंग मुझे तोड़ नहीं सकती’

मां बनने के बाद बिपाशा बसु ने झेली बॉडी शेमिंग, बोलीं- ‘ट्रोलिंग मुझे तोड़ नहीं सकती’

मुंबई: बॉलीवुड की फिटनेस आइकन और ग्लैमरस एक्ट्रेस बिपाशा बसु भी कई बार ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग का सामना कर चुकी हैं। महिलाओं की हेल्थ और फिटनेस को लेकर हमेशा जागरूक रहने वाली बिपाशा ने अब अपनी पर्सनल जर्नी और मां बनने के बाद झेली गई ट्रोलिंग पर खुलकर बात की है।

हाल ही में Elle India के कवर पर नजर आईं बिपाशा ने बताया कि नवंबर 2022 में मां बनने के बाद उन्हें अपने शरीर को लेकर काफी ट्रोलिंग झेलनी पड़ी। एक्ट्रेस ने कहा कि महिलाओं पर बच्चे को जन्म देने के बाद जल्द से जल्द पहले जैसी शेप में आने का दबाव बनाया जाता है।

‘महिलाओं की बॉडी को लेकर बातचीत अजीब तरीके से होती है’

बिपाशा बसु ने कहा कि आज भी महिलाओं के शरीर को लेकर बातचीत काफी अजीब तरीके से की जाती है। उनके मुताबिक, जब कोई महिला बच्चे को जन्म देती है तो लोगों की उम्मीद होती है कि वह तुरंत उसी शेप में वापस आ जाए, जैसी वह 20 की उम्र में थी।

एक्ट्रेस ने कहा कि समस्या तब और बढ़ जाती है, जब 40 की उम्र में महिला अपने शरीर को लेकर लोगों की तय की गई उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती। ऐसी स्थिति में उसे ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है।

‘मैंने बहुत ज्यादा ट्रोलिंग झेली है’

बिपाशा ने बताया कि मां बनने के बाद उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। उन्होंने पैपराजी के तरीके पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार उनकी तस्वीरें बेहद असंवेदनशील तरीके से ली गईं।

एक्ट्रेस ने कहा कि लोगों को इस बात की चिंता नहीं होती कि एक महिला बच्चे को जन्म देने और उसकी परवरिश के लिए कितनी मेहनत करती है। महिला की लाइफस्टाइल और पर्सनल लाइफ को लेकर भी लगातार दबाव रहता है।

‘सब चाहते हैं कि आप तुरंत बाउंस बैक करें’

बिपाशा के मुताबिक, समाज महिलाओं से उम्मीद करता है कि बच्चे के जन्म के बाद वह तुरंत ‘बाउंस बैक’ करें और पहले जैसी दिखने लगें।

हालांकि, एक्ट्रेस ने कहा कि वह काफी कॉन्फिडेंट महिला हैं और ट्रोलिंग उन्हें तोड़ नहीं सकती। उन्होंने कहा कि वह अपनी जर्नी को अच्छी तरह जानती हैं और बाहर का शोर उनके लिए मायने नहीं रखता।

करन सिंह ग्रोवर से हुई थी बिपाशा की लव मैरिज

बिपाशा बसु की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने एक्टर करन सिंह ग्रोवर से शादी की है। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘अलोन’ के सेट पर हुई थी और धीरे-धीरे उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री प्यार में बदल गई।

शादी से पहले दोनों ने करीब एक साल तक डेट किया और अप्रैल 2016 में शादी कर ली। इसके बाद 12 नवंबर 2022 को दोनों बेटी के माता-पिता बने। उन्होंने अपनी बेटी का नाम देवी बसु सिंह ग्रोवर रखा।

मॉडलिंग से शुरू किया था करियर

बिपाशा बसु ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। इसके बाद साल 2001 में उन्होंने फिल्म ‘अजनबी’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। फिल्म में उन्होंने नीता का किरदार निभाया था और उनके अभिनय को पसंद किया गया।

इसके बाद बिपाशा ने ‘राज’, ‘आंखें’, ‘जिस्म’, ‘जमीन’, ‘फुटपाथ’, ‘रुद्राक्ष’, ‘रक्त’, ‘नो एंट्री’, ‘ओमकारा’, ‘धूम 2’, ‘रेस’, ‘लम्हा’ और ‘प्लेयर्स’ जैसी फिल्मों में काम किया।

शादी और बेटी की परवरिश पर दिया पूरा ध्यान

बिपाशा को आखिरी बार साल 2018 में फिल्म ‘वेलकम टू न्यूयॉर्क’ में कैमियो रोल में देखा गया था। इससे पहले 2015 में वह फिल्म ‘अलोन’में डबल रोल में नजर आई थीं।

इसके बाद एक्ट्रेस ने फिल्मों से ब्रेक लिया और अपना पूरा फोकस शादीशुदा जिंदगी और बेटी देवी की परवरिश पर लगाया। बिपाशा ने बेटी की परवरिश में अपना काफी समय दिया और लंबे समय से वह एक्टिंग की बजाय अपनी फैमिली लाइफ को प्राथमिकता देती नजर आई हैं।

संबंधित पोस्ट