मुंबई: अगर ATM से पैसे निकालते समय कैश बाहर नहीं आए, तो इसे मशीन की खराबी समझकर तुरंत वहां से न जाएं। मुंबई पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ATM मशीन के कैश स्लॉट में प्लास्टिक या फाइबर की पतली पट्टी लगाकर ग्राहकों का पैसा फंसा देता था।
पुलिस के मुताबिक, जब ग्राहक पैसे निकालने की कोशिश करता था तो उसके खाते से रकम कट जाती थी, लेकिन कैश स्लॉट पर लगी पट्टी के कारण नकदी बाहर नहीं निकलती थी। कई लोग इसे तकनीकी खराबी समझकर वहां से चले जाते थे। इसके बाद आरोपी ATM में प्रवेश कर पट्टी हटाते और फंसी हुई नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंक ऑफ बड़ौदा की भांडुप शाखा की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में दो पुरुष और दो महिलाओं की भूमिका भी सामने आई है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि ATM से पैसे न निकलें और खाते से राशि कट जाए, तो तुरंत बैंक और पुलिस को सूचना दें। बिना शिकायत किए ATM छोड़कर न जाएं।
