तेलंगाना: तेलंगाना के कोमाराम भीम आसिफाबाद जिले में भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। कई इलाकों में सड़क संपर्क टूटने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी बीच एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि सड़क संपर्क टूटने के कारण महिला को ग्रामीणों ने बाढ़ के तेज बहाव के बीच डोली के सहारे नदी पार कराकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, कोलमगुड़ा गांव की एक गर्भवती महिला को पहले स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर उसे आसिफाबाद सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। सड़क और पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण महिला को अस्पताल तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
वीडियो में ग्रामीण तेज बहाव वाले पानी के बीच डोली के सहारे महिला को सुरक्षित दूसरी तरफ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना ने बाढ़ प्रभावित और आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, पुल और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
