मुंबई: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर जहां पहले से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा है, वहीं अब रामायण की कथा पर आधारित एक और फिल्म सुर्खियों में आ गई है। ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का टीजर रिलीज हो चुका है और इसके साथ ही फिल्म की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है।
फिल्म में अभिनेत्री और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा देवी सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं, भगवान राम की भूमिका में देव शर्मा और लक्ष्मण के किरदार में शील वर्मा दिखाई देंगे।
अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर उठे सवाल
अंजलि अरोड़ा ‘कच्चा बादाम’ पर बनाए गए वीडियो से सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हुई थीं। उनके नाम से जुड़ी पुरानी MMS विवाद की खबरों का भी सोशल मीडिया पर जिक्र होता रहा है। अब ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के टीजर में उन्हें सीता के रूप में देखकर कुछ यूजर्स ने उनकी कास्टिंग पर सवाल उठाए हैं।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने अंजलि की पुरानी छवि का हवाला देते हुए फिल्म में सीता के किरदार के लिए उनकी कास्टिंग को लेकर नाराजगी जाहिर की। वहीं, कई लोगों ने मेकर्स के फैसले पर भी सवाल उठाए।
एक यूजर ने लिखा, “कच्चा बादाम वाली को सीता बना दिया और हनुमान दिखने वाले को राम।” वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, “काश, कभी सीता की तरह भी इसका चरित्र होता।”
हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी प्रतिक्रियाएं नकारात्मक नहीं हैं और फिल्म को लेकर अलग-अलग तरह की राय सामने आ रही है।
टीजर में दिखी राम-सीता विवाह से लेकर रावण तक की कहानी
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के टीजर की शुरुआत राम और सीता के स्वयंवर से होती है। इसके बाद कहानी वनवास की ओर बढ़ती दिखाई देती है। टीजर में राम-सीता के विवाह, वनवास और रावण से जुड़े प्रसंगों की झलक दिखाई गई है।
टीजर में “रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई” जैसे संवाद के साथ रामायण की चौपाइयां भी सुनाई देती हैं। वनवास के दौरान राम और सीता के बीच के भावनात्मक पलों को भी टीजर में जगह दी गई है।
इसके बाद लक्ष्मण रेखा का प्रसंग आता है और सीता के उसे पार करने के बाद रावण से जुड़ी घटनाओं और उसके विनाश की कहानी की झलक दिखाई जाती है।
अंजलि अरोड़ा करेंगी एक्टिंग डेब्यू
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के जरिए अंजलि अरोड़ा अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। फिल्म में देव शर्मा भगवान राम और शील वर्मा लक्ष्मण की भूमिका में हैं।
फिल्म के टीजर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इसकी तुलना प्रभास की ‘आदिपुरुष’ और रणबीर कपूर स्टारर नितेश तिवारी की ‘रामायण’ से भी कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने फिल्म को ‘आदिपुरुष’ से बेहतर बताया, जबकि कुछ ने इसे लेकर मजाकिया प्रतिक्रियाएं दीं।
25 सितंबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। फिल्म का निर्माण महोबिया फिल्म्स के बैनर तले प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने किया है। अजय कनौजिया की कंपनी एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड इसे प्रस्तुत कर रही है।
फिल्म हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी रिलीज होगी। मेकर्स के मुताबिक, ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
