एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान कार्तिक आर्यन के घुटने में गंभीर चोट, जल्द होगी सर्जरी

एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान कार्तिक आर्यन के घुटने में गंभीर चोट, जल्द होगी सर्जरी

Spread the love

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के दौरान घायल हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक कबीर खान की अनटाइटल्ड फिल्म के एक हाई-इंटेंसिटी एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान उनके घुटने में गंभीर चोट लगी। बताया जा रहा है कि यह हादसा फिल्म की शूटिंग के आखिरी दो दिनों के दौरान हुआ।

अस्पताल में भर्ती हुए कार्तिक आर्यन

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, चोट लगने के तुरंत बाद कार्तिक आर्यन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें घुटने की सर्जरी कराने और कुछ समय आराम करने की सलाह दी है।

प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने इंडिया टुडे को बताया कि कार्तिक फोर्टिस रहेजा अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं और जल्द ही उनके घुटने की सर्जरी होगी। सर्जरी के बाद उन्हें कुछ दिनों तक आराम करना होगा, जिसके बाद वह दोबारा काम शुरू कर सकेंगे।

एक्शन सीन्स के लिए कर रहे थे खास ट्रेनिंग

कबीर खान की इस फिल्म में कई हाई-इंटेंसिटी एक्शन सीक्वेंस बताए जा रहे हैं। इन सीन्स की तैयारी के लिए कार्तिक आर्यन पिछले कुछ समय से खास ट्रेनिंग भी कर रहे थे।

कबीर खान और कार्तिक आर्यन की यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘चंदू चैंपियन’ में साथ काम कर चुके हैं। हालांकि, उनकी नई फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है।

सर्जरी के बाद अनुराग बसु की फिल्म पर करेंगे काम

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सर्जरी और रिकवरी के बाद कार्तिक आर्यन निर्देशक अनुराग बसु की आगामी फिल्म पर काम शुरू करेंगे। यह एक रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म बताई जा रही है, जिसमें श्रीलीला भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

श्रीलीला इसी फिल्म के जरिए बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। उन्होंने हाल ही में मुंबई में फिल्म के अपने हिस्से की शूटिंग दोबारा शुरू की है। फिल्म का संगीत प्रीतम तैयार कर रहे हैं।

‘नागजिला’ और ‘कैप्टन इंडिया’ भी पाइपलाइन में

कार्तिक आर्यन के पास इसके अलावा ‘नागजिला’ भी है। मृगदीप सिंह लांबा के निर्देशन में बन रही यह फिल्म फैंटेसी-कॉमेडी-एडवेंचर जॉनर की बताई जा रही है। फिल्म के निर्माता करण जौहर हैं।

इसके अलावा कार्तिक ‘कैप्टन इंडिया’ में भी नजर आएंगे, जिसमें वह देशभक्ति से भरे एक पायलट का किरदार निभाते दिखाई देंगे।

कार्तिक आर्यन की चोट की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद कर रहे हैं। उनकी आगामी फिल्मों को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।

संबंधित पोस्ट