पटना: पटना के गर्दनीबाग में छात्रों के आंदोलन के बाद बिहार सरकार ने दारोगा भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित दारोगा भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और अभिलेख सत्यापन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिस जारी किया है। यह फैसला बिहार के गृह विभाग के आदेश के बाद लिया गया है। मुख्य लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण में PET और अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया में शामिल होना था, लेकिन फिलहाल दोनों प्रक्रियाओं को रोक दिया गया है।
छात्रों के आंदोलन के बाद आया फैसला
गर्दनीबाग में आंदोलन कर रहे छात्रों ने 1799 दारोगा पदों की भर्ती परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की थी। प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा में कथित धांधली के आरोप भी लगाए थे।
इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को शिक्षा विभाग के सचिव की अध्यक्षता में छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई थी। बैठक में पुलिस अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा की जांच का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
PET और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की नई तारीख बाद में
आयोग ने स्पष्ट किया है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा और अभिलेख सत्यापन की नई तारीख बाद में अलग से जारी की जाएगी। ऐसे में मुख्य परीक्षा के आधार पर अगले चरण की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को फिलहाल नई सूचना का इंतजार करना होगा।
आयोग के इस फैसले के बाद भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण अस्थायी रूप से रुक गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आगे की तारीख और निर्देशों के लिए आयोग की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक सूचना पर नजर रखें।
परीक्षा सुधार कमेटी के सामने रखी जाएगी शिकायत
छात्रों और सरकार के बीच हुई वार्ता में 1799 दारोगा भर्ती परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई। बैठक में इस मामले को परीक्षा सुधार के लिए गठित की जाने वाली कमेटी के सामने रखने का फैसला हुआ।
बताया गया है कि शिकायतकर्ता अपने पास मौजूद सबूत और सुझाव कमेटी के सामने रख सकेंगे। कमेटी की रिपोर्ट और उसके आधार पर लिए जाने वाले फैसले के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता
PET और अभिलेख सत्यापन स्थगित होने के बाद उन अभ्यर्थियों के बीच भी हलचल बढ़ गई है, जो मुख्य लिखित परीक्षा में सफल होने के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।
फिलहाल भर्ती प्रक्रिया की अगली तारीख स्पष्ट नहीं है। अभ्यर्थियों को आयोग की नई अधिसूचना का इंतजार करना होगा।
