छिंदवाड़ा: मेहंदी से लिखे संदेश बने मौत का अहम सुराग, महिला की संदिग्ध मौत की जांच तेज

छिंदवाड़ा: मेहंदी से लिखे संदेश बने मौत का अहम सुराग, महिला की संदिग्ध मौत की जांच तेज

Spread the love

मध्य प्रदेश/छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चौरई क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि मृतका के हाथों और शरीर पर मेहंदी से लिखे कुछ संदेश मिले हैं, जिन्हें अब मामले के महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, महिला ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चूंकि उसकी हालत बेहद नाजुक थी, इसलिए पुलिस उसका डाइंग डिक्लेरेशन दर्ज नहीं कर सकी।

पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर पर मेहंदी से लिखे संदेश दिखाई दिए। पुलिस ने इन संदेशों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है, ताकि उन्हें जांच में तकनीकी साक्ष्य के रूप में शामिल किया जा सके। शुरुआती जांच में इन संदेशों में ससुराल पक्ष के साथ विवाद और कथित प्रताड़ना का उल्लेख होने की बात सामने आई है।

वहीं, मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की मां का दावा है कि उनकी बेटी के साथ लंबे समय से मारपीट की जाती थी। परिजनों के अनुसार, महिला ने होश में आने पर बताया था कि उसके साथ ईंट, पत्थर और लोहे की रॉड से हमला किया गया था, जिसके निशान उसकी पीठ पर मौजूद थे। इसके बाद कथित रूप से उसे जबरन कीटनाशक पिलाया गया।

महिला के भाई का कहना है कि उसकी बहन ने अपने शरीर पर मेहंदी से लिखकर अपनी पीड़ा और अपने साथ हुई कथित घटनाओं की जानकारी देने की कोशिश की थी।

पुलिस के अनुसार, महिला की शादी करीब 13 वर्ष पहले हुई थी और उसकी एक 10 वर्षीय बेटी भी है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी साक्ष्यों की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

संबंधित पोस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *